सीतारमण ने भारतीय-अमेरिकी अर्थशास्त्री गोपीनाथ से की मुलाकात, मौजूदा वैश्विक हालात पर की चर्चा
वाशिंगटन। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की उप प्रबंध निदेशक गीता गोपीनाथ से मुलाकात के दौरान मौजूदा वैश्विक परिदृश्य और अगले वर्ष भारत की जी20 समूह की अध्यक्षता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की है। सीतारमण की भारतीय-अमेरिकी अर्थशास्त्री गोपीनाथ से शुक्रवार को यह मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने खाद्य एवं …
वाशिंगटन। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की उप प्रबंध निदेशक गीता गोपीनाथ से मुलाकात के दौरान मौजूदा वैश्विक परिदृश्य और अगले वर्ष भारत की जी20 समूह की अध्यक्षता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की है। सीतारमण की भारतीय-अमेरिकी अर्थशास्त्री गोपीनाथ से शुक्रवार को यह मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा मुद्दों, वैश्विक ऋण संवेदनशीलता, जलवायु मुद्दों, डिजिटल परिसंपत्तियां और भारत की जी20 अध्यक्षता के बारे में बात की।
गोपीनाथ ने एक ट्वीट में इसका जिक्र करते हुए कहा, ‘‘भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ जी20 के मुद्दों पर बैठक अच्छी रही।’’ भारत एक दिसंबर 2022 से 30 नवंबर 2023 तक एक साल के लिए जी20 समूह का अध्यक्ष बनने जा रहा है। इस दौरान वह जी20 समूह की 200 से अधिक बैठकों की मेजबानी करेगा। इस बीच, आईएमएफ के एशिया प्रशांत विभाग में उप निदेशक एन्नेर मारी गुल्दे-वुल्फे ने कहा है कि बीते कुछ वर्षों से भारत डिजिटलीकरण का अगुआ रहा है और नवोन्मेष के जरिये कई प्रशासनिक अवरोधों को दूर करने में सफल रहा है।
उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अब सबको मालूम है कि भारत बीते कुछ वर्षों से डिजिटलीकरण का अगुआ रहा है खासकर डिजिटल अवसंरचना के मामले में। इससे नवोन्मेष बढ़ा है और प्रशासनिक अवरोध भी दूर हुए हैं।’’ उन्होंने कहा कि आईएमएफ भारत के साथ मिलकर काम कर रहा है और यह देश सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण के क्षेत्र में आगे हैं, महामारी के दौरान लाभों के वितरण के लिए इसका इस्तेमाल हुआ है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि 6.1 फीसदी की आर्थिक वृद्धि दर के साथ भारत वैश्विक स्तर पर एक चमकदार बिंदु बना हुआ है।
‘दुनिया में छाई अनिश्चतता के बीच भारत कुछ शानदार प्रदर्शन करने वाले देशों में शामिल’
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि दुनिया में छाए अनिश्चितता के माहौल में भारत उन देशों में शामिल है जो शानदार प्रदर्शन कर रहा है। विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की जारी सालाना बैठक के तहत अंतरराष्ट्रीय मौद्रिक वित्तीय समिति की बैठक को संबोधित करते हुए सीतारमण ने शुक्रवार को यह बात कही।
उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया में अनिश्चितता के माहौल में , भारत उन चंद देशों में शामिल है जो शानदार प्रदर्शन कर रहा है।’’ उन्होंने कहा कि भारत के राष्ट्रीय सांख्यिकी संगठन (एनएसओ) ने अब चालू वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 13.5 फीसदी की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर रखी है जो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे ज्यादा है। सीतारमण ने कहा कि भारत ने यह उपलब्धि तब हासिल की है जब उसने मौद्रिक सामान्यीकरण की प्रक्रिया पहले शुरू कर दी थी।
ये भी पढ़ें:- सांसदों ने ट्रस द्वारा क्वार्टेंग को बर्खास्त करने और आर्थिक नीति पर यू-टर्न का किया विरोध
