संभल: तंबाकू फैक्ट्री पर केंद्रीय जीएसटी टीम का छापा
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। थाना बनियाठेर क्षेत्र स्थित तम्बाकू (खैनी) की फैक्ट्री में शनिवार को दिल्ली से केंद्रीय जीएसटी की टीम ने छापा मारा। टीम ने फैक्ट्री का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और किसी भी अंदर व बाहर नहीं जाने दिया। स्थानीय पुलिस भी छापेमारी से अनभिज्ञ बनी हुई थी। मुरादाबाद-आगरा हाईवे से गुमथल …
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। थाना बनियाठेर क्षेत्र स्थित तम्बाकू (खैनी) की फैक्ट्री में शनिवार को दिल्ली से केंद्रीय जीएसटी की टीम ने छापा मारा। टीम ने फैक्ट्री का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और किसी भी अंदर व बाहर नहीं जाने दिया। स्थानीय पुलिस भी छापेमारी से अनभिज्ञ बनी हुई थी।
मुरादाबाद-आगरा हाईवे से गुमथल गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थानीय कारोबारी की खैनी की फैक्ट्री है। शनिवार दोपहर इस फैक्ट्री पर दिल्ली से आई केंद्रीय जीएसटी की टीम ने छापेमारी की। टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान भी थे। टीम ने फैक्ट्री में जाते ही अंदर से गेट बंद कर दिया। फैक्ट्री के सुरक्षा गार्ड को बाहर कर दिया। इस दौरान वहां मीडिया कर्मी पहुंचे तो उन्हें भी अंदर नहीं जाने दिया गया।
बताया जाता है जीएसटी चोरी के आरोप में छापेमारी की गई है। फैक्ट्री पर छापेमारी की शहर में चर्चा का विषय रही। फैक्ट्री से किसी के बाहर न आने के कारण तथा अधिकारियों से संपर्क न होने के कारण कोई भी जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी। खबर लिखे जाने तक टीम फैक्ट्री के अंदर थी। यही नहीं जिस थाना क्षेत्र में फैक्ट्री है वहां की पुलिस भी छापेमारी से अनभिज्ञ बनी हुई थी। थानाध्यक्ष बनियाठेर कर्मसिंह पाल ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं कि किस फैक्ट्री पर और किसने छापा मारा है।
ये भी पढ़ें:- चोरी की वारदात : सूने घर से आठ लाख की नकदी समेत गहने किए पार
