हमीरपुर: पुलिस ने दो बोलेरो से बरामद किया 12 क्विंटल मिलावटी खोवा
हमीरपुर, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रसाधन विभाग के अधिकारियों ने दो वाहनों से करीब 12 क्विंटल मिलावटी खोया बरामद किया है। अधिकारियों ने खोया के नमूना लेने के बाद नष्ट करा दिया है। इस मामले में वाहन चालकों सहित सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की है। खाद्य सुरक्षा एवं …
हमीरपुर, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रसाधन विभाग के अधिकारियों ने दो वाहनों से करीब 12 क्विंटल मिलावटी खोया बरामद किया है। अधिकारियों ने खोया के नमूना लेने के बाद नष्ट करा दिया है। इस मामले में वाहन चालकों सहित सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रसाधन के सहायक आयुक्त रामऔतार सिंह यादव ने बताया कि दीपावली त्योहार के मद्देनजर मिलावटी सामग्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर सुमेरपुर कस्बे के रेलवे क्रॉसिंग के निकट उनकी टीम ने पीआरवी के साथ बांदा की ओर से आ रही दो बोलेरो को रोका गया। जिसमें जांच पड़ताल में 30 बोरियों में खोवा बरामद हुआ। दोनों वाहनों को थाना परिसर लाया गया। जहां खोवे को जांच के बाद नमूने भरे गए।
बताया कि पूछताछ में एक बोलेरो के चालक पुष्पेंद्र सिंह उर्फ अंकुल निवासी गाजीपुर थाना जसपुरा बांदा ने बताया कि 13 बोरी खोवा गांव निवासी देवेंद्र सिंह चौहान व कल्लू का है। इसी तरह दूसरी बोलेरो के चालक सोहन कुमार निवासी खप्टिहा खुर्द, थाना जसपुरा बांदा ने बताया कि उसके वाहन में 17 बोरी खोवा है। जिसमें गांव के अनिल की चार, राजू की पांच, गुलाब सिंह की तीन व कल्लू सिंह की पांच बोरी हैं।
बताया कि कुल 30 बोरियों में प्रत्येक का वजन करीब 40 किग्रा है। इस तरह से करीब 12 क्विंटल खोवा है। कहा प्रथम दृष्टया मिलावटी खोवा है। जांच के लिए नमूने लिए गए हैं और इस मिलावटी खोटे को नष्ट करा दिया गया है। उनके साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके निरंजन व राममूरत मौजूद रहे। वहीं पीआरवी टीम ने सहयोग किया।बताया कि मामले को एडीएम कोर्ट में वाद दायर कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई व जुर्माना कराया जाएगा।
केमिकल व पाउडर से तैयार खोवा सेहत के लिए है हानिकारक
सहायक आयुक्त राम औतार सिंह यादव ने बताया मिलावटी खोवा सिंथेटिक पाउडर आदि में केमिकल डाल कर तैयार किया प्रतीत होता है। यह सेहत के लिए बहुत ही हानिकारक है। उन्होंने मिलावटी खोवा से बनी मिठाइयां न खाने की अपील की है।
यह भी पढ़े:-रायबरेली: पशु मांस तस्करों से पुलिस की हुई मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, चार गिरफ्तार
