शाहजहांपुर: पुलिस पिकेट के पास बड़ा हादसा, बेकाबू कार ने साइकिल सवार को मारी टक्कर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। शहर के बीचोबीच रविवार की रात करीब 11 बजे खन्नौत नदी के पुल पर साइकिल सवार को ठोंकती हुई बेकाबू कार निकल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की बोनट में साइकिल फंस गई, जबकि सवार युवक नदी में जा गिरा। यह सूचना पुलिस तक पहुंची, लेकिन यह कह दिया गया कि सुबह …

शाहजहांपुर, अमृत विचार। शहर के बीचोबीच रविवार की रात करीब 11 बजे खन्नौत नदी के पुल पर साइकिल सवार को ठोंकती हुई बेकाबू कार निकल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की बोनट में साइकिल फंस गई, जबकि सवार युवक नदी में जा गिरा। यह सूचना पुलिस तक पहुंची, लेकिन यह कह दिया गया कि सुबह होने पर गोताखोरों से तलाश कराई जाएगी और पुलिस सुबह होने का इंतजार करती रही। सुबह होने पर गोताखोरों ने करीब 14 घंटे बाद नदी से शव को बाहर निकाला।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: मंदिर का हैंडपंप ठीक न करने की समस्या सुन वित्त मंत्री हुए खफा

शव की शिनाख्त थाना आरसी मिशन के मिश्रीपुर क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय मोती कठेरिया के रूप में हुई। वहीं पास ही पुलिस पिकेट होने के बाद भी घटना को अंजाम देने वाली नीली कार को चालक भगा ले गया। सुबह रोजा क्षेत्र से लावारिस अवस्था में स्विफ्ट डिजायर नीले रंग की कार संख्या यूपी 27-एमएम/4445 बरामद कर ली गई।

थाना रामचंद्र मिशन के गांव मिश्रीपुर निवासी मोती कठेरिया कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अंटा क्षेत्र में शिवा की स्टील पाइप की दुकान पर काम करते थे। वह रोजाना साइकिल से अपने घर दुकान से जाया करता था। वह रात दुकान बंद कराकर वापस अपने घर साइकिल से जा रहे थे।

खन्नौत नदी के पक्का पुल पर चारखंभे की तरफ से जा रही बेकाबू नीली कार साइकिल सवार मोती को पीछे से टक्कर मारती हुई भाग निकली, जिससे साइकिल सवार उछलकर खन्नौत नदी में जा गिरा और डूब गया। जबकि साइकिल कार में फंस गई थी और कुछ दूर तक रगड़ती चली गई। इस घटना से पक्का पुल पर अफरा-तफरी मच गई। थाना प्रभारी सिपाहियों के साथ रात पक्का पुल पर पहुंचे और लोगों से जानकारी की, लेकिन रात में कुछ नहीं हो सकने के बात कहते हुए सुबह गोताखोरों से तलाश कराने की बात कही।

पुलिस ने सुबह गोताखोरों को बुलाया और नदी में डूबे युवक की तलाश कराई। गोतोखोरों ने दिन में 11 बजे शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर दुकानदारों का कहना है कि लोगों ने शोर मचाया कि कार टक्कर मारकर भाग रही है, लेकिन पक्का पुल तिराहे पर ड्यूटी पर मुस्तैद दोनों सिपाही टस से मस नहीं हुए अन्यथा  टक्कर मारने वाली कार को मौके पर पकड़ जाती।

उधर, इस बाबत प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह रोजा क्षेत्र में लावारिस हालत में कार बरामद हो गई है और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस कर्मी मुस्तैद होते तो मौके पर पकड़ा जाता कार चालक
रात हादसे के समय पिकेट ड्यूटी पर पुलिस कर्मी मुस्तैद होते तो हादसे के समय ही भाग रही कार को पकड़ लिया जाता। तभी मौके पर ही कार चालक भी पकड़ा जाता। पुलिस की लापरवाही के कारण हादसे को अंजाम देने वाले को मौका मिल गया। लावारिस कार के आधार पर अब कार्यवाई की जाएगी।

पुलिस विभाग के सीसीटीवी मिले बंद
शहर में केरूगंज चौराहे के पास स्थित खन्नौत नदी पर बने पक्का पुल के पास पुलिस विभाग ने यातायात व्यवस्था के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे ताकि हादसों पर नियंत्रण किया जा सके। रात जब पक्का पुल से युवक नदी में गिर गया तो सीसीटीवी खंगालने की कोशिश की गई, लेकिन वे बंद मिले।

थाने पर गए तो जानकारी हुई
मनसुख और सुरेश ने बताया कि भाई मोती कठेरिया रात घर नहीं आए तो दुकान मालिक को फोन किया। बताया कि वह रात आठ बजे ही चले गए थे। इस पर उन लोगों को चिंता हुई। दोनों भाई रात में गांव में तलाश किया और जानकारी नहीं हुई तो सुबह आठ बजे थाने पर गए। जहां पता चला कि एक युवक नदी में गिर गया है। दोनों भाई पक्का पुल पर गए और जब शव नदी से बाहर निकाला गया तो उसके भाई मोती का निकला। उसकी दो बेटियां है। जिसमें एक बेटी की शादी हो गई। उसकी पत्नी निर्मला का रो-रोककर बुरा हाल है।

कार की टक्कर से नदी में गिरे युवक को तलाश लिया गया है। दुर्घटना करने वाली कार को भी बरामद कर लिया गया है। कार के नंबर के आधार पर उसके चालक का पता लगाया जा रहा है। हादसे के सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्यवाई की जाएगी-एस. आनंद, एसपी।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: जालसाजों ने महिला से नकदी और जेवर ठगे, पुलिस ने गिरफ्तारी का दिया आश्वासन

संबंधित समाचार