हमें समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ना है :डी पुरंदेश्वरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि हमें समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ना है। संगठन विस्तार की यात्रा धीमी नहीं होनी चाहिए। वह सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि ‘सशक्त मंडल, सक्रिय बूथ’ हमारी …

लखनऊ, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि हमें समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ना है। संगठन विस्तार की यात्रा धीमी नहीं होनी चाहिए। वह सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहीं थीं।

उन्होंने कहा कि ‘सशक्त मंडल, सक्रिय बूथ’ हमारी संगठनात्मक संरचना का मूल मंत्र है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भाजपा पूरे देश में सर्वव्यापी व सर्वग्राही बन चुकी है, फिर भी हमें अपने संगठन विस्तार की यात्रा को धीमा नहीं करना है, बल्कि हमें सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास की पार्टी की नीति को आगे बढ़ाते हुए समाज के हर वर्ग और तबके के लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने का काम करना है।

हम सबको मिलकर संगठन की योजना के अनुसार प्रवास, संवाद व समन्वय के आधार पर पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य करना होगा। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि पूरे देश में संगठनात्मक कार्यों के निर्वहन में प्रदेश हमेशा प्रथम आता रहा है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम का ही परिणाम है कि भाजपा लगातार हर चुनाव में प्रदेश में सफलता हासिल कर रही है, लेकिन हमें अभी और आगे जाना है।

इसके पूर्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि संगठनात्मक कार्यों के निष्पादन में पार्टी के प्रदेश भर के कार्यकर्ता सदैव अग्रणी रहते हैं। आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों के संदर्भ में जो भी योजना बनेगी उस पर शत-प्रतिशत अमल होगा। इससे पहले राष्ट्रीय महामंत्री डी. पुरंदेश्वरी सुबह नौ बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह व प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

ये भी पढ़ें-बरेली: एडीएम सिटी ने पटाखा दुकानों की जांच कर परखीं व्यवस्थाएं, व्यापारियों में मची खलबली

संबंधित समाचार