अमरोहा : चीनी मिल के रिटायर्ड कर्मचारी की गला घोंटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। पॉश कॉलोनी आरजू एनक्लेव में चीनी मिल के रिटायर्ड कर्मचारी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर में पड़ा मिला। पांच दिन पहले घर में काम के लिए उन्होंने नौकर रखा था, जो फरार है। घर का सामन भी बिखरा हुआ था। डीएम और एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे …

अमरोहा, अमृत विचार। पॉश कॉलोनी आरजू एनक्लेव में चीनी मिल के रिटायर्ड कर्मचारी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर में पड़ा मिला। पांच दिन पहले घर में काम के लिए उन्होंने नौकर रखा था, जो फरार है। घर का सामन भी बिखरा हुआ था। डीएम और एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस का भी नौकर पर ही शक जा रहा है।

थाना अमरोहा देहात के आरजू एनक्लेव में पंडित सुभाष दूबे का परिवार रहता है। वह चीनी मिल से रिटायर्ड कर्मचारी थे। परिवार में उनकी बेटी रत्ना दूबे व तीन बेटे जोगमणि, राजमणि, नीलमणि हैं। चारों बच्चे बाहर रहकर नौकरी करते हैं। जबकि सुभाष चंद दुबे घर पर अकेले रह रहे थे। सुभाष चंद दूबे के पास बाहर से भी लोग आते जाते रहते थे। पांच दिन पहले उन्हीं के शिष्य ने उन्हें घर में काम के लिए नौकर दिलवाया था। जिसके बाद से वह नौकर उनके साथ घर पर ही रहता था। लेकिन, सोमवार रात सुभाष चंद दुबे की गला घोंटकर हत्याकर दी गई। मंगलवार सुबह उनका शव घर के शौचालय के पास पड़ा मिला। उनके गले में सफेद कपड़ा लिपटा हुआ मिला। घर में सामान भी बिखरा हुआ था।

घटना के बाद घर से नौकर लापता है। घर का गेट खुला मिलने पर पड़ोसी अंदर गए तो उनका शव देखकर हड़कंप मच गया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर सीओ विजय राणा देहात टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी और एसपी आदित्य लांग्हे ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने नौकर पर ही लूटपाट के दौरान हत्या करने का शक जताया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसपी (अमरोहा) आदित्य लांग्हे का कहना है कि रिटायर्ड कर्मचारी की हत्या की गई है। उनके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया हत्या का शक नौकर पर जा रहा है। वह घर से फरार भी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नौकर की तलाश की जा रही है।

पिता की हत्या की खबर सुनते ही बदहवास हुए चारों बच्चे
सुभाष चंद दुबे की पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका है। चारों बच्चे नोएडा और गुड़गांव में नौकरी करते हैं। जबकि सुभाष चंद दुबे घर पर अकेले रहते थे। मंगलवार सुबह पिता की हत्या की सूचना मिलते ही तीनों बेटे और बेटी बदहवास से हो गए। आनन फानन में बेटी रत्ना दूबे और तीनों बेटे घर पहुंचे। जहां पिता का शव पड़ा देख चीख पुकार मच गई।

ये भी पढ़ें : अमरोहा : परिजनों को बंधक बनाकर 15 लाख की लूट, विरोध करने पर पीटा

संबंधित समाचार