मुरादाबाद : हेलो! एडीजी कार्यालय से बोल रहा हूं…तीन हजार रुपये दो तब होगी गिरफ्तारी
मुरादाबाद,अमृत विचार। छेड़खानी के मामले में इंसाफ की गुहार शासन तक लगाने वाली एक पीड़िता के मोबाइल फोन पर चौंकाने वाली कॉल आई। खुद को एडीजी बरेली जोन कार्यालय का कर्मचारी बताने वाले कॉलर ने पीड़िता से कहा कि वह पहले 3,000 रुपये का भुगतान करे, तब उसकी सुनवाई होगी और आरोपी को पुलिस गिरफ्तार …
मुरादाबाद,अमृत विचार। छेड़खानी के मामले में इंसाफ की गुहार शासन तक लगाने वाली एक पीड़िता के मोबाइल फोन पर चौंकाने वाली कॉल आई। खुद को एडीजी बरेली जोन कार्यालय का कर्मचारी बताने वाले कॉलर ने पीड़िता से कहा कि वह पहले 3,000 रुपये का भुगतान करे, तब उसकी सुनवाई होगी और आरोपी को पुलिस गिरफ्तार करेगी। मूंढापांडे पुलिस हाईप्रोफाइल मामले की जांच में जुटी है।
मूढापांडे थाना क्षेत्र में रामपुर भीला गांव की रहने वाली पीड़िता के पुलिस को बताया कि 26 सितंबर को गांव के ही एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी की थी। पीड़िता ने तहरीर देकर पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। हालांकि उक्त प्रकरण में मूंढापांडे पुलिस ने सिर्फ शांति भंग के तहत कार्रवाई की। इससे आहत पीड़ता ने महिला हेल्पलाइन नंबर पर कॉल की। 18 अक्टूबर को पीड़िता के मोबाइल फोन पर एक कॉल आई।
कॉलर ने खुद को बरेली जोन के एडीजी कार्यालय में तैनात बताया। कहा कि महिला हेल्प लाइन नंबर पर दर्ज शिकायत से संबंधित फाइल उसके पास आई है। प्रकरण में कानूनी कार्रवाई तभी पूरी होगी जब पीड़िता 3,000 रुपये उसके पास जमा करेगी। इतना ही नहीं कॉलर ने मोबाइल-पे की मदद से भी रुपये का भुगतान करने की भी बात कही।
संदेह पर पीड़िता ने एडीजी कार्यालय के कथित कर्मचारी से अपने पिता से बात कराई। तब पिता से भी 3,000 रुपये जमा करने को कहा गया। अज्ञात आरोपी ने यहां तक कहा कि यदि रुपये का भुगतान नहीं हुआ तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। 3,000 रुपये के स्टांप लगाने होंगे। स्टांप की एक प्रति थानेदार, एक प्रति एडीजी कार्यालय व एक प्रति एसएसपी कार्यालय मुरादाबाद को भेजी जाएगी। ठगी के संदेह के आधार पर पीड़िता बुधवार को मूंढापांडे थाने पहुंची। तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ पीड़िता ने कानूनी कार्रवाई की मांग की। घटना के संबंध में थाना प्रभारी मूंढापांडे अमित कुमार ने बताया कि पीड़िता ने जो मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया है, उसकी जांच की जा रही है। सर्विलांस के माध्यम से रुपये मांगने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश हो रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : यूपी पुलिस को फंसाने की भुल्लर ने बिछाई बिसात
