इटावा: कंट्रोल रूम बनाकर दूर करें उपभोक्ताओं की शिकायतें, सचिव ने समीक्षा बैठक में लगाई फटकार
अमृत विचार इटावा। जनपद में सरकारी कामकाज की समीक्षा बैठक करते हुए गुरुवार को अवस्थापना व औद्योगिक विकास के सचिव अभिषेक प्रकाश अहम दिशा निर्देश जारी किए। इस दौरान बिजली विभाग की शिकायत निस्तारण की व्यवस्था सही न होने और फोन न उठने की शिकायत को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि बिजली विभाग के …
अमृत विचार इटावा। जनपद में सरकारी कामकाज की समीक्षा बैठक करते हुए गुरुवार को अवस्थापना व औद्योगिक विकास के सचिव अभिषेक प्रकाश अहम दिशा निर्देश जारी किए। इस दौरान बिजली विभाग की शिकायत निस्तारण की व्यवस्था सही न होने और फोन न उठने की शिकायत को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी कंट्रोल रुम बनाएं तथा उसमें कर्मचारियो की ड्यूटी लगायें। सचिव ने विकास भवन में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा सरकारी कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होने निर्देश दिया कि कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की शिफ्ट के हिसाब से रजिस्टर तैयार करें जिसमें शिकायतों को दर्ज किया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा कि मुख्य विकास अधिकारी से समन्वय कर ब्लॉक स्तर पर भी गोल्डन कार्ड बनाये जाने के लिए कैंप लगवाएं। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी से कहा कि लॉयन सफारी के प्रचार-प्रसार के लिए महत्वपूर्ण बिन्दुओ को पोर्टल पर प्रदर्शित करें जिससे आम-जन को लॉयन सफारी के बारे में जानकारी हो सके। श्री प्रकाश ने दैवीय आपदा से सम्बन्धित कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि अतिवृष्टि में किसी भी पीड़ित व्यक्ति का कोई मुआवजा शेष न रहे। उन्होंने कहा कि जो मजरें, गांव बाढ से प्रभावित हुए थे उन गांवों में सफाई, बिजली, सड़क आदि की समुचित व्यवस्था कर ली जाए। बैठक में जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी प्रणता ऐश्वर्या, अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र प्रसाद, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी अतुलकान्त शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी गीताराम, जिला विकास अधिकारी दीन दयाल, जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा मौजूद रहे।
