महाराष्ट्र की पहली महिला चुनाव आयुक्त का कोरोना संक्रमण से निधन
मुंबई। काेरोना वायरस (काेविड-19) से संक्रमित महाराष्ट्र की पहली महिला चुनाव आयुक्त नीला सत्यनारायण (सेवानिवृत्त) का गुरुवार को यहां सेवन हिल्स अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 72 वर्ष की थी। सत्यनारायण वर्ष 1972 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी थी। उन्हें सख्त और निष्पक्ष अधिकारी के रूप में याद किया …
मुंबई। काेरोना वायरस (काेविड-19) से संक्रमित महाराष्ट्र की पहली महिला चुनाव आयुक्त नीला सत्यनारायण (सेवानिवृत्त) का गुरुवार को यहां सेवन हिल्स अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 72 वर्ष की थी।
सत्यनारायण वर्ष 1972 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी थी। उन्हें सख्त और निष्पक्ष अधिकारी के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने अपने शानदार करियर के दौरान महाराष्ट्र में शीर्ष पदों जैसे सचिव, प्रधान सचिव के अलावा अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर सेवा दी थी।
सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी ने मराठी में कई पुस्तकें लिखी। फिल्म ‘जजमेंट’ उनके उपन्यास रोउन्न पर आधारित थी, यह एक हत्या पर आधारित कहानी है जिसे एक आईएएस अधिकारी ने अंजाम दिया और उसका बच्चा इस मामले का मुख्य गवाह है।
नीला के निधन पर संवेदान प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि राज्य उन्हें हमेशा “एक अनुभवी और संवेदनशील महिला के रूप में याद रखेगा, जिन्होंने कला और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, युवाओं को सिविल सेवाओं की ओर प्रेरित किया” और एसईसी को जनता के करीब ला दिया।
उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने दुख जाहिर करते हुए कहा कि शासन और साहित्य में उनका योगदान हमेशा सभी के लिए प्रेरणा रहेगा।
नीला सत्यनारायण के निधन पर शोक प्रकट करते हुए, राज्य कांग्रेस अध्यक्ष और राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने कहा कि वह “एक कठोर प्रशासक और एक संवेदनशील लेखिका भी थीं” और उनका असामयिक निधन दुखद है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार दुख प्रकट करते हुए कहा कि “वह पहली महिला एसईसी थीं .. हमने एक मानवीय और करुणामयी पूर्व अधिकारी खो दिया है।”
