अयोध्या: चहका धनतेरस बाजार, रिकार्ड खरीद की उम्मीद
अमृत विचार अयोध्या: दीपावली पर्व पर अयोध्या में छठवें दीपोत्सव पर दीपों के जलाने का जहां पिछला रिकार्ड तोड़ने की तैयारी है। वहीं दीपों से पहले आभूषण कारोबार का भी पिछला रिकार्ड टूटने की उम्मीद है। इस बार धनतेरस पर 10 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद जतायी जा रही है। इसकी …
अमृत विचार अयोध्या: दीपावली पर्व पर अयोध्या में छठवें दीपोत्सव पर दीपों के जलाने का जहां पिछला रिकार्ड तोड़ने की तैयारी है। वहीं दीपों से पहले आभूषण कारोबार का भी पिछला रिकार्ड टूटने की उम्मीद है। इस बार धनतेरस पर 10 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद जतायी जा रही है। इसकी वजह है कि दो साल तक कोरोना के चलते सराफा व्यवसाय धरतेरस पर कमाई नहीं कर सका। लेकिन अब जबकि लोग महामारी के भय से उबर चुके हैं तो लोगों का रुख भी सबसे अधिक सोने-चांदी के आभूषणों की खरीद की ओर देखा जा रहा है।
22 अक्टूबर को धनतेरस का पर्व है। जनपद में सराफा व्यवसाय के 745 फुटकर व 240 थोक विक्रेता हैं। यह वह अवसर है जिसका हर सराफा कारोबारी बेसब्री से इंतजार कर रहा है। खास तौर पर सराफा व्यावसाय को। इस बार सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की रिकार्ड तोड़ बिक्री को लेकर सराफा व्यवसायी काफी उम्मीद लगाये हुए हैं। पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार धनतेरस पर सराफा बाजार को 10 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद है। विगत वर्ष जनपद में करीब 8 करोड़ का कारोबार सराफा बाजार में हुआ था। अयोध्या में सराफा कारोबार की चमक इसलिए भी बढ़ जाती है, क्योंकि यहां केवल अयोध्या ही नहीं, बल्कि आसपास के जनपद गोण्डा, बस्ती, बलरामपुर, अम्बेडकरनगर तक के ग्राहक खरीदारी करने आते हैं। सराफा मण्डल साकेत के महामंत्री नरेश अग्रवाल बताते हैं कि इस बार धनतेरस पर सराफा बाजार में आभूषण सेल की बहुत अच्छी संभावना है। वह कहते हैं कि दो साल तक कोविड महामारी के चलते लोगों ने बाजार में पैसा नहीं लगाया। न तो त्योहार पर खरीददारी की और न ही शादी विवाह में अधिक इंस्वेस्टमेंट किया। लोगों ने पैसा बचाए रखा। लेकिन अब जबकि कोविड का असर लगभग शांत है तो लोग खरीदारी करने निकल रहे हैं। इसलिए इस बार धनतेरस पर 10 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद है।
सर्राफा व्यवसासी आशंकित
धनतेरस पर जहां सराफा व्यापार में चार-चांद लगने को लेकर सराफा व्यावसायी काफी उत्साहित हैं। वहीं उन्हें दीपोत्सव में पीएम नरेन्द्र मोदी के आगमन पर अयोध्या में होने वाले यातायात डायवर्जन से सराफा व्यवसाय पर विपरीत प्रभाव पड़ने की भी आशंका है। सराफा मण्डल के महामंत्री नरेश अग्रवाल के अनुसार यदि डायवर्जन के चलते बाहरी लोगों को शहर में इंट्री से रोका गया तो काफी बुरा असर पड़ेगा और बाहर के ग्राहक नहीं आ पाएंगे। लेकिन यदि प्रशासन ने देवकाली और नाका बाईपास से शहर में इंट्री जारी रखी तो ग्राहक बड़ी संख्या में यहां आएंगे और कारोबार अच्छा होगा। सराफा व्यापारियों की नजर यातायात डायवर्जन पर भी लगी है।
