अयोध्या: पीएम के आने से पहले पीडब्ल्यूडी विभाग ने किया यह काम, हो रही चर्चा
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या में होने वाले दिव्य दीपोत्सव को लेकर प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर विभिन्न कार्यों को लेकर शुक्रवार को प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से गजब ढंग से करीब 46 लाख रुपये की अति अल्पकालिक निविदा प्रकाशित कराई गई। इसे विडंबना ही कहेंगे कि पीडब्ल्यूडी ने 21 अक्टूबर को दोपहर …
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या में होने वाले दिव्य दीपोत्सव को लेकर प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर विभिन्न कार्यों को लेकर शुक्रवार को प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से गजब ढंग से करीब 46 लाख रुपये की अति अल्पकालिक निविदा प्रकाशित कराई गई। इसे विडंबना ही कहेंगे कि पीडब्ल्यूडी ने 21 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से पहले निविदा पेटिका में डालने और उसी दिन 12:30 बजे जिलाधिकारी के कार्यालय में निविदा खोलने के लिए भी निविदादाताओं को आमंत्रित कर लिया। यही नहीं 21 अक्टूबर को ही कार्य करने की भी तिथि जारी की गई। स्थिति यह है कि शुक्रवार देर रात काम भी चलता रहा।
जारी निविदा के तहत इसे शुक्रवार को ही पीडब्ल्यूडी कार्यालय में खोल भी दिया गया। इसे लेकर पूरे दिन हैरान परेशान ठेकेदार दौड़ भाग करते रहे। अधीशाषी अभियंता प्रांतीय खंड लोकनिर्माण विभाग की ओर से जारी की गई निविदा में अयोध्या धाम के रोड साइनेज के लिए, रामकथा पार्क पर स्थाई लोहे की बैरिकेडिंग और साकेत डिग्री कॉलेज से नया घाट तक मार्ग पर थर्मो प्लास्टिक कार्य के लिए 8-8 लाख रुपये की निविदा जारी की गई है।
इसके अलावा राम कथा पहुंच मार्ग व साकेत डिग्री कॉलेज पहुंच मार्ग पर थर्मों प्लास्टिक कार्य हेतु 6 लाख, सहादतगंज से सर्किट हाउस तक डिवाइडर मरम्मत व रंगाई-पुताई के लिए 5 लाख, साकेत कॉलेज से नयाघाट तक डिवाइडर मरम्मत व रंगाई-पुताई के लिए 5 लाख, मार्ग पर पैच मरम्मत के लिए 8 लाख, अयोध्या के विभिन्न मार्गों पर पैच कार्य के लिए 6 लाख की निविदा एक ही दिन प्रकाशित की गई और खोली भी गई। इस निविदा प्रकाशन को लेकर खासी चर्चा रही। इस संबंध में अधीशाषी अभियंता से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल नॉट रीचबल रहा।
ये भी पढ़ें-मुरादाबाद: कर्तव्य पथ पर दम तोड़ने वाले पुलिसकर्मियों को महकमे ने किया याद
