लॉकडाउन में जिनकी नौकरियां छिनीं, ऐसे लोगों के लिए काम करेगा संघ
नई दिल्ली। लॉकडाउन के दौरान निजी सेक्टर में छिनीं तमाम नौकरियों के मुद्दे पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गंभीर है। दिल्ली प्रांत ने इस दिशा में काम करना शुरू किया है ताकि लोगों को फिर से रोजगार मिल सके। संघ सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली प्रांत एक वेबसाइट भी आगे लांच करने वाला है। जिस पर नौकरी खोजने …
नई दिल्ली। लॉकडाउन के दौरान निजी सेक्टर में छिनीं तमाम नौकरियों के मुद्दे पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गंभीर है। दिल्ली प्रांत ने इस दिशा में काम करना शुरू किया है ताकि लोगों को फिर से रोजगार मिल सके।
संघ सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली प्रांत एक वेबसाइट भी आगे लांच करने वाला है। जिस पर नौकरी खोजने वाले और नौकरी देने वालों का ब्यौरा होगा। यानी इस वेबसाइट पर जॉब सीकर्स और जॉब प्रोवाइडर्स एक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे। स्किल मैपिंग कर सबको रोजगार उपलब्ध कराने की कोशिश होगी।
संघ के दिल्ली प्रांत से जुड़े एक पदाधिकारी ने बताया, “कोरोना काल ने अर्थव्यवस्था को झटका दिया। जिससे कई कंपनियों में छंटनी होने की खबरें आती रही हैं। संगठित और असंगठित दोनों क्षेत्रों में रोजगार पर असर पड़ा है। ऐसे परिवारों के सामने संकट को देखते हुए संगठन, दिल्ली सहित पूरे एनसीआर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों से लेकर निजी कंपनियों के प्रमुखों से संपर्क कर रोजगार की दिशा में प्रयास कर रहा है। प्रतिष्ठानों से अपील की जा रही है कि न छंटनी करें और न ही सैलरी काटें। जिन कर्मचारियों ने खून-पसीना दिया है, उन्हें संकट के समय खुद से अलग न करें। धैर्य से काम करें तो मुश्किल समय भी गुजर जाएगा।”
संघ पदाधिकारी ने बताया कि अभी इस योजना का पूरा खाका तैयार हो रहा है। पूरा प्रोग्राम तय होते ही संगठन पदाधिकारी रोजगार से जुड़े इस अभियान में जुट जाएंगे। संघ सूत्रों ने बताया कि दिल्ली प्रांत जहां शहर में यह अभियान चलाने जा रहा है, उसी तरह संघ के दूसरे प्रांत ग्रामीण इलाकों में भी अभियान चलाएंगे। महानगरों से लौटे प्रवासियों को किस तरह से परंपरागत रोजगार के साधनों से जोड़ा जा सकता है, इस दिशा में भी संघ संभावनाओं को तलाश कर प्रवासी मजदूरों को उपलब्ध कराएगा।
