बरेली: छोटी दिवाली के दिन भी अंधेरे में रहे कई मोहल्ले
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री के निर्देश और नगर आयुक्त के आदेश के बाद भी छोटी दिवाली पर कई वार्डों के मोहल्लों के साथ मुख्य सड़कों पर अंधेरा ही रहा। सेटेलाइट से एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय तक पीलीभीत रोड तो कई दिनों से अंधेरे में ही है। पार्षदों की बात को कहीं सुना गया तो कहीं अनसुना भी कर …
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री के निर्देश और नगर आयुक्त के आदेश के बाद भी छोटी दिवाली पर कई वार्डों के मोहल्लों के साथ मुख्य सड़कों पर अंधेरा ही रहा। सेटेलाइट से एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय तक पीलीभीत रोड तो कई दिनों से अंधेरे में ही है। पार्षदों की बात को कहीं सुना गया तो कहीं अनसुना भी कर दिया गया। एक अनार सौ बीमार वाली कहावत स्ट्रीट लाइट लगाने में की गई। मार्ग प्रकाश विभाग से कई जगह कर्मचारियों का गैंग तो भेजा गया लेकिन लाइटें ज्यादा खराब होने से कई जगह अब भी अंधेरा ही कायम है।
ये भी पढ़ें- बरेली: गिराई कॉलोनी की दीवार, बेटों समेत पिता पर रिपोर्ट दर्ज
कई वार्ड के पार्षदों ने बताया कि कई दिन पहले स्ट्रीट लाइट बदलने की मांग की थी लेकिन दिवाली के दिन भी मोहल्लों में अंधेरा ही रहा। वार्ड 3 के पार्षद अनुपम चमन ने बताया कि डेलापीर मुख्य मार्ग पर ही लाइट नहीं जल रही है। पूर्व विधायक केसर सिंह आवास के घर के सामने लाइट नहीं है। वीरसावरकरनगर में कई जगह मार्ग पर अंधेरा है। वार्ड में स्ट्रीट लाइट नहीं जलने की बात मार्ग प्रकाश विभाग में कई बार कर चुका हूं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
वार्ड 14 ब्रह्मपुरा के वीरेंद्र कुमार ने बताया कि संजय नगर मुख्य मार्ग अंधेरे में है। यहां लाइट नहीं जलने की बात पूर्व नगर आयुक्त के साथ-साथ मौजूदा नगर आयुक्त से भी कही। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने लाइट लगाने के निर्देश भी दिये लेकिन दो माह बाद भी मार्ग पर अंधेरा ही है। रविवार को मार्ग प्रकाश विभाग की गैंग आई। एक गैंग को दो जगह भेजा और कम लाइट लेकर भेजने से दोनों जगह काम पूरा नहीं हो पाया है। यह गैंग वार्ड 65 सुरेश शर्मा नगर भी गई। वहां भी कई जगह अब भी अंधेरा है। वार्ड 23 इंदिरा नगर में पार्षद सतीश कातिब ने लाइटों की रिपेयरिंग करा नई हाई मास्क लाइटें लगवा दिवाली में क्षेत्र को जगमग करने का इंतजाम कराया।
मुंशी नगर में वार्ड 10 में गली नंबर तीन सरदार कालोनी में निगम की स्ट्रीट लाइट लगी हैं, लेकिन कई दिनों से वह खराब हैं। नगर आयुक्त ने बंद और खराब लाइटें बदलने का निर्देश दिया तो यहां के लोगों को उम्मीद जगी कि क्षेत्र में अंधेरा छटेगा, लेकिन छोटी दिवाली तक यहां स्ट्रीट लाइट बदलने की कोई पहल नहीं की गई। वार्ड पार्षद मो. सलीम ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि गली में अंधेरा है। सुबह मार्ग प्रकाश विभाग को सूचना दी जाएगी। वे आएंगे तो बदली जाएगी।
मार्ग प्रकाश प्रभारी और अपर नगर आयुक्त सर्वेश गुप्ता ने बताया कि उन्हें जानकारी तो दी गई थी लेकिन गली नंबर नहीं बताया गया। कर्मचारियों को स्ट्रीट लाइट सही करने भेजा भी था कर्मचारियों ने बताया कि कालोनी नगर निगम को हैंडओवर नहीं है, इसलिए वहां स्ट्रीट लाइट नहीं बदली जाएगी।
यहां के स्थानीय निवासियों का कहना है कि निगम ने इसी वार्ड में बिल्डर को नोटिस दिए बिना ही लाखों रुपये की आरसीसी सड़क डाल दी है। कालोनी में वन मंत्री डा. अरुण कुमार ने दौरा कर मुख्य अभियंता बीके सिंह को सड़क का एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिये थे। मुख्य अभियंता ने बीडीए को पत्र भेजकर बिल्डर को नोटिस देने की बात वन मंत्री से कही थी लेकिन अभी तक नगर निगम और बीडीए से बिल्डर को कोई नोटिस नहीं दिया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: भारत की पाक पर जीत का मनाया जश्न, युवाओं ने डांस कर खुशी का किया इजहार
