हरदोई: नशे में गाली-गलौज कर रहे युवक की पीट-पीट कर हत्या
हरदोई, अमृत विचार। शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे युवक को गांव में पकड़ कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई। पिटाई से अधमरे हुए युवक को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां उसने दूसरे दिन इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस बारे में एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह का कहना …
हरदोई, अमृत विचार। शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे युवक को गांव में पकड़ कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई। पिटाई से अधमरे हुए युवक को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां उसने दूसरे दिन इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस बारे में एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह का कहना है कि मामला पहले से ही दर्ज किया गया था। जिसकी जांच की जा रही है।
बताते हैं कि पचदेवरा थाने के रजुआपुर निवासी रमेश दो दिन पहले शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। इसी बात पर गांव वालों ने उसे पकड़ कर बुरी तरह पीट दिया। पीटे जाने से रमेश बुरी तरह ज़ख्मी हो गया।उसे सीएचसी पाली ले जाया गया, जहां से हरदोई मेडिकल कालेज भेज दिया गया। जहां बुधवार को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस बारे में सोनेश्री पत्नी रमेश ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि गांव के अनिल, रिंकू, विश्वनाथ व हरीशचंद्र ने उसके दरवाज़े पर पहुंच कर गाली-गलौज करने लगे,जिसका विरोध करने पर उन लोगों ने उसके पति को बुरी तरह पीट दिया। बचाने में उसकी भी पिटाई कर दी। इस बारे में एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया है कि इस मामले की पहले से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उसे मामले को तरमीम करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
