हल्द्वानी: रोडवेज ने दिल्ली रूट पर पांच बसें बढ़ाई
हल्द्वानी, अमृत विचार। दिवाली पर्व के बाद अब लोगों का जाने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इसके लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए हल्द्वानी से दिल्ली के लिए पांच बसें बढ़ाई गई हैं। जरूरत पड़ी तो और भी बसों …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दिवाली पर्व के बाद अब लोगों का जाने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इसके लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए हल्द्वानी से दिल्ली के लिए पांच बसें बढ़ाई गई हैं। जरूरत पड़ी तो और भी बसों को बढ़ाया जा सकता है।
दिवाली के चलते निगम की आमदनी भी अच्छी-खासी हो रही है। उत्तराखंड परिवहन निगम हमेशा ही घाटे को लेकर जूझता रहता है। इसकी वजह से कर्मचारियों को वेतन देने में दिक्कतों का सामना करना पड़ जाता है, लेकिन इस बार स्थिति पहले से बेहतर हो गई है।
भैया दूज के दिन भी जमकर धन वर्षा हुई। दिवाली के पहले दिन भी रोडवेज के लिए बरेली, दिल्ली और देहरादून के यात्रियों को सीट मुहैया करवा पाना मुश्किल हो गया था। यहां को सबसे ज्यादा बसें भेजी गईं। इधर, हल्द्वानी डिपो ने पिछले दिनों एक दिन में सबसे ज्यादा कमाई का भी रिकॉर्ड बनाया है। अब दिल्ली, देहरादून व अन्य राज्यों को जाने के लिए यात्रियों का बढ़ना शुरू होने लगा है। आगे कमाई और ज्यादा होने के आसार भी लग रहे हैं।
एक दिन में कमाए 21 लाख रुपये
हल्द्वानी। हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पर इस समय कर्मचारी भी पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर डटे हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसका भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। कोरोना काल खत्म होने के बाद इस समय सबसे ज्यादा संख्या में लोग दिवाली मनाने के लिए अपने-अपने घर पहुंचे हैं। शनिवार को हल्द्वानी डिपो की एक दिन की कमाई 21 लाख रुपये पार हो गई थी। महालक्ष्मी के पहले दिन पहाड़ों को जाने वाले कई यात्रियों को पूरे इंतजाम के बाद भी बस नहीं मिल सकी थी। इसके लिए यात्रियों को केमू और टैक्सी का सहारा लेना पड़ा था।
