बरेली: शहरवासियों को झटका, गर्म कपड़ों का तिब्बत मार्केट नहीं लगेगा
बरेली, अमृत विचार। शहरवासियों के लिए इस साल गर्म कपड़े खरीदने के लिए शहर के बाजार पर ही निर्भर रहना पड़ेगा। वे तिब्बती व्यापारियों से गर्म कपड़े नहीं खरीद सकेंगे। क्योंकि नगर निगम गेट पर लगने वाला गर्म कपड़ों का तिब्बती बाजार इस बार नहीं लगेगा। एसपी यातायात ने बाजार लगाने की एनओसी व्यापारियों को नहीं …
बरेली, अमृत विचार। शहरवासियों के लिए इस साल गर्म कपड़े खरीदने के लिए शहर के बाजार पर ही निर्भर रहना पड़ेगा। वे तिब्बती व्यापारियों से गर्म कपड़े नहीं खरीद सकेंगे। क्योंकि नगर निगम गेट पर लगने वाला गर्म कपड़ों का तिब्बती बाजार इस बार नहीं लगेगा। एसपी यातायात ने बाजार लगाने की एनओसी व्यापारियों को नहीं दी है। इस पर नगर निगम ने भी अनुमति नहीं दी।
ये भी पढे़ं- बरेली: महिला स्टाफ मनाने गईं भाई दूज, ओपीडी में मरीज हुए परेशान
नगर निगम ने तिब्बती व्यापारियों को जिन जगहों पर दुकानें लगाने का सुझाव दिया है, वहां वे लोग जाना नहीं चाह रहे हैं। तिब्बती बाजार के नाम से लगने वाली गर्म कपड़ों की बाजार दिवाली के बाद लगनी शुरू हो जाती थी, लेकिन इस बार नहीं लगेगी। व्यापारी जिस जगह दुकानें लगाना चाहते हैं, वहां बाजार लगने से यातायात प्रभावित होगा। पटेल चौक पर इन दिनों स्काई वॉक का निर्माण कार्य चल रहा है।
नगर निगम गेट की दीवार से विवेकानंद पार्क की दीवार तक दुकानें लगती थीं। स्काई वॉक का काम चलने से यातायात इस समय बंद है। दुकानें लगने से यहां ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा, साथ ही काम भी प्रभावित होगा। व्यापारियों ने दूसरी जगह महिला थाने वाली रोड पर जगह देने की मांग की थी। इस मार्ग पर भी स्मार्ट सिटी का काम चल रहा है। यहां दुकानें खुलने से दो माह तक काम बंद हो जाएगा। निगम अधिकारियों ने तिब्बती व्यापारियों से डेलापीर पर पेट्रोल पंप के पास खाली भूमि पर दुकानें लगाने को कहा है।
इसके अलावा प्रेमनगर थाने के पास की जगह और चौपुला पुल की सर्विस रोड के पास की जगह का भी सुझाव दिया, लेकिन व्यापारियों को दोनों जगह समझ में नहीं आईं। उनका मानना है कि यहां खरीदार नहीं आएंगे। ऐसे में इस बार शहर में तिब्बती बाजार लगने की उम्मीद कम लग रही है। इस बाजार के लगने से शहर के लोगों को गर्म कपड़ों की खरीद की च्वाइस रहती थी, लेकिन इस बार उन्हें शहर के बाजार से ही गर्म कपड़े खरीदने पड़ेंगे।
ये भी पढे़ं- बरेली: आईडीएसपी की उदासीनता, लगातार हो रहीं बुखार से मौतें
