संभल: कबूतर मांगने पर दो पक्षों में विवाद, जमकर हुई फायरिंग, दो लोग घायल
अमृत विचार, संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र में छत पर बैठे कबूतर को मांगने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष की ओर से मारपीट हो गई। इस दौरान हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। छर्रे लगने से दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों …
अमृत विचार, संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र में छत पर बैठे कबूतर को मांगने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष की ओर से मारपीट हो गई। इस दौरान हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। छर्रे लगने से दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजने के बाद दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में एक पक्ष की ओर से चार के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
यह भी पढ़ें- संभल : आत्महत्या के इरादे बस के आगे दौड़ी युवती, चालक ने बचाई जान
उप नगरी सरायतरीन के मोहल्ला पीला खदाना निवासी नौमान पुत्र इरशाद और मोईन पुत्र मोविन दोनों कबूतर बाजी करते हैं। शुक्रवार को नौमान का कबूतर मोईन की छत पर उसके कबूतरों के साथ जा बैठा। नौमान ने मोईन के घर जाकर उससे अपना कबूतर मांगा तो मोईन भड़क गया।
आरोप है कि नौमान के साथ गाली-गलौच करने के साथ ही उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह से बीच-बचाव कराकर मामले को खत्म कर दिया। इसके बाद नौमान ने यह बात अपने घर जाकर अपने भाइयों को बताई। जिस पर नौमान का चचेरा भाई बिलाल शिकायत लेकर मोईन के घर पहुंचा।
आरोप है कि मोईन ने फिर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। छर्रे लगने से बिलाल और नौमान घायल हो गए। इस दौरान मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच लोगों ने फायरिंग की सूचना पुलिस को दी। आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
वहीं घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में घायल पक्ष की ओर से इकराम द्वारा दी गई तहरीर के आरोप में सगे भाई मोईन, जुनैद, सालिम और मोहसिन के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी राजेश सोलंकी ने बताया कि कबूतर बाजी को लेकर फायरिंग हुई थी। दो लोग घायल हैं, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
यह भी पढ़ें- संभल: जुआरियों को पकड़ने गई पुलिस के साथ हाथापाई, बीच-बचाव में मंडल अध्यक्ष को पीटा
