छठ पूजा : पानी में खड़े होकर महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
अमृत विचार, बहराइच। डाला छठ के अवसर पर रविवार को महिलाएं तालाब और नदी के तट पर एकत्रित हुईं। इस दौरान सजी-धजीं सुहागिन महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को नमन करते हुए अर्घ्य दिया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर पुत्रों के दीर्घायु होने के साथ ही परिवार के सुख व समृद्धि की कामना की। छठ पर्व को …
अमृत विचार, बहराइच। डाला छठ के अवसर पर रविवार को महिलाएं तालाब और नदी के तट पर एकत्रित हुईं। इस दौरान सजी-धजीं सुहागिन महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को नमन करते हुए अर्घ्य दिया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर पुत्रों के दीर्घायु होने के साथ ही परिवार के सुख व समृद्धि की कामना की। छठ पर्व को लेकर अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना के कारण पूजा स्थलों पर मेले सा माहौल रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शहर, कस्बों व ग्रामीण अंचलों में जगह-जगह भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की गई।
जिले में रविवार को छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया। डाला छठ को सूर्य षष्ठी का पर्व भी कहा जाता है। रविवार को पर्व के तीसरे दिन शाम ढलते ही शहर, गांवों और कस्बों में पूजित तालाब, नदियों व नहर के तट पर महिलाएं पूजा का थाल सजाकर पहुंच गईं। इस दौरान महिलाओं ने ओम भाष्करायनम: का जप करते हुए भगवान सूर्य को नमन कर घुटने भर पानी में खड़े होकर जल का तर्पण किया।
इसके बाद बांस के सूप में रखे फल, सब्जी और गन्ने का अर्पण कर भगवान सूर्य से अक्षय सुहाग के साथ पुत्र के दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने सुख व समृद्धि का भी वरदान मांगा। शहर के छोटी बेरिया समय माता मंदिर स्थित तालाब व झिंगहाघाट स्थित सरयू नदी के तट पर भगवान सूर्य की आराधना के लिए महिलाओं की भीड़ जुटी रही।
छठ पूजा के मौके पर जिलाधिकारी डॉक्टर दिनेश चंद्र ने जिलेवासियों को छठ पर्व की बधाई संदेश जारी किया। इसके बाद वह सरयू नहर के निकट पहुंचे। यहां पर डीएम ने एएसपी नगर कुंवर ज्ञानजय सिंह, सीएमओ डॉ सतीश कुमार सिंह के अलावा अन्य अधिकारियों के साथ नाव के द्वारा भगवान सूर्य को पुष्प अर्पित किया। पूजा अर्चना की।
यह भी पढ़ें:- छठ पूजा : मथवा पे लेके दउरवा व्रती पहुंचे घाट, दिया संध्या अर्घ्य
