बरेली: पत्नी ने पांच साल पार्षदी चला ली, अब आरक्षण बदलवाकर मुझे टिकट दिला दो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इन दिनों सिविल लाइंस का भाजपा कार्यालय निकाय चुनाव में पार्षद पद के लिए दावेदारी करने वालों की चहल-कदमी से गुलजार है। मंगलवार दोपहर करीब 12.45 बजे कार्यालय की सीढ़ियों के पास कुछ कार्यकर्ता आपस में बात करने में मशगूल थे। कार्यालय के प्रथम तल पर बने पुस्तकालय में कुछ लोग मेयर डॉ. उमेश …

बरेली, अमृत विचार। इन दिनों सिविल लाइंस का भाजपा कार्यालय निकाय चुनाव में पार्षद पद के लिए दावेदारी करने वालों की चहल-कदमी से गुलजार है। मंगलवार दोपहर करीब 12.45 बजे कार्यालय की सीढ़ियों के पास कुछ कार्यकर्ता आपस में बात करने में मशगूल थे। कार्यालय के प्रथम तल पर बने पुस्तकालय में कुछ लोग मेयर डॉ. उमेश गौतम और महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा के आने का इंतजार कर रहे थे। आईटी कक्ष में एक कार्यकर्ता कंप्यूटर पर बैठे थे और महानगर अध्यक्ष के कक्ष में महानगर उपाध्यक्ष देवेंद्र जोशी, राहुल गुप्ता समेत अन्य कई कार्यकर्ता बैठे थे। एकाएक यहां बैठक शुरू हुई तो पार्षदी लड़ने वालों की भीड़ बढ़ती चली गई।

ये भी पढे़ं- बरेली: दिशा पाटनी के पिता भी सियासी पिच पर उतरने की तैयारी में जुटे

इस बीच महानगर उपाध्यक्ष देवेंद्र जोशी ने कंप्यूटर का काम देखने वाले कार्यकर्ता से 80 वार्डों की सूची का प्रिंट निकालने के लिए कहा तब उसने असमर्थता जता दी। कहा कि प्रिंटर की स्याही खत्म हो गई। कई बार वरिष्ठजनों के संज्ञान में बात लाई लेकिन स्याही नहीं मिली है। इस बीच मेयर और महानगर अध्यक्ष पहुंच गए और उन्होंने पुस्तकालय में बैठे फरियादियों की समस्या सुनीं। 10 से 15 मिनट में मेयर उठकर चले गए और महानगर अध्यक्ष अपने कक्ष में आ गए।

महानगर अध्यक्ष के आते ही दावेदारों पर चर्चा शुरू हुई। इस बीच एक पार्षद पति आए, महानगर अध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देते हुए बोले-अध्यक्ष जी, पत्नी ने पांच साल पार्षदी चला ली है। अब वह पार्षद बनना चाहते हैं। वैसे भी उसी को सारा काम करना पड़ता है। अध्यक्ष जी, मेरे वार्ड की सीट महिला से पुरुष करा दें, ताकि वह चुनाव लड़ सके। पार्षद पति की ये बातें सुनकर कक्ष में हंसी-ठिठौली भी हुई।

एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कह दिया कि महोदय, पार्षद पत्नी से यह पूछकर आए हैं, इस पर वह महानगर अध्यक्ष को वार्ड का आरक्षण बदलवाने की गुहार लगा हंसते हुए चले गए। एक पार्षद हाथ से लिखी वोटरों की सूचियां लेकर पहुंचे, बोले उनके वार्ड में बीएलओ ने वोट काट दिए हैं। एक वरिष्ठ महिला कार्यकर्ता परिचित महिला के साथ पहुंचीं और महानगर अध्यक्ष से कार्यक्रम कराने का अनुरोध किया। यह महिला भी टिकट मांग रही हैं, ऐसी चर्चा हुई। इस दौरान कई वरिष्ठ कार्यकर्ता भी दावेदारी करने पहुंचे।

करीब घंटेभर तक इसी तरह हलचल चलती रही। भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना भी 80 वार्डों की सूची की फोटोकॉपी लेकर पहुंचे। पूर्व जिलाध्यक्ष पूरन लाल लोधी भी आ गए। उनके आने पर वरिष्ठता का सम्मान देने के लिए कुछ कुर्सियां इधर से उधर खिसकीं। 2.10 बजे तक कक्ष में दावेदारों का आने-जाने का सिलसिला चलता रहा। वार्ड 37 में 600 वोट अधिक बनाने का मामला भी उछला। इसमें शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों से की गई है।

नगर निगम के वार्डों का आरक्षण 99 प्रतिशत नहीं बदलेगा
भाजपा महानगर के अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने दावा किया है कि निकाय चुनाव 2022 का चुनाव 2017 के आरक्षण पर ही लड़ा जाएगा। नगर निगम के 80 वार्डों के आरक्षण में 99 प्रतिशत बदलाव नहीं होगा। एक प्रतिशत सीटों का आरक्षण भी तब बदलेगा जब उसमें बदलाव कराना चाहते हैं। पार्षदी के लिए दावेदारी करने वालों का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जा रहा है। एक वार्ड से तीन नाम हाईकमान को भेजे जाएंगे। अभी दावेदारों के प्रार्थना पत्र लिए जा रहे हैं। आरक्षण जारी होते ही सूची तैयार की जाएगी।

80 वार्डों पर भाजपा प्रत्याशी उतारेगी, मुस्लिम दावेदार भी सामने आए
इस बार भाजपा नगर निगम के 80 वार्डों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों की पार्षदी के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम कार्यकर्ताओं ने आवेदन किए हैं। पिछले चुनाव में भाजपा ने 80 में से 72 वार्डों पर प्रत्याशी उतारे थे। दावेदारों के रिपोर्ट कार्ड के साथ वोटरों की गुणाभाग भी शुरू हो गई है। भाजपा ने वार्ड संयोजकों की टीम तैयार कर ली है और वार्डों में पन्ना प्रमुख भी सक्रिय कर दिए हैं।

ये भी पढे़ं- बरेली: छात्रों को यूजी और पीजी में प्रवेश पंजीकरण का एक और मौका

 

संबंधित समाचार