मथुरा के होटल वृंदावन गार्डन में लगी भीषण आग, दो कर्मचारियों की मौत, एक की हालत नाजुक
वृंदावन/मथुरा, अमृत विचार। नगर के प्रमुख बसेरा ग्रुप के होटल वृंदावन गार्डन में गुरुवार की सुबह स्टोर रूम में भीषण आग लग जाने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। जबकि तीसरे कर्मचारी को गंभीरावस्था में आगरा रेफर किया गया है। दमकल की दो गाड़ियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। इधर पुलिस के आला …
वृंदावन/मथुरा, अमृत विचार। नगर के प्रमुख बसेरा ग्रुप के होटल वृंदावन गार्डन में गुरुवार की सुबह स्टोर रूम में भीषण आग लग जाने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई। जबकि तीसरे कर्मचारी को गंभीरावस्था में आगरा रेफर किया गया है। दमकल की दो गाड़ियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। इधर पुलिस के आला अफसरों ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं। इधर मृतक के परिजनों द्वारा होटल के गेट पर हंगामा काटने से पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।
मथुरा मार्ग स्थित रामकृष्ण मिशन अस्पताल के समीप बसेरा ग्रुप के होटल वृंदावन गार्डन में हरियाणा के श्रद्धालुओ द्वारा श्रीमद् भागवत कथा के लिए होटल बुक किया गया था। गुरुवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे होटल के गार्ड ने रेस्टोरेंट के ऊपरी मंजिल में बने स्टोर रूम से आग की लपटे निकलती देखी। जब तक होटल के अन्य कर्मचारी कुछ समझ पाते तब तक आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। फायर ब्रिगेड को सूचना के काफी देर बाद मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। दो गाड़ियों ने बमुश्किल मामला पर काबू पाया।


स्टोररूम में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर के अलावा गद्दे समेत काफी सामान रखा था।जिससे आग ने तेजी पकड़ ली। लेकिन गनीमत यह रही कि सिलेंडर आग की पकड़ से दूर रहें। आग बुझाने के बाद जब दमकल की टीम ने स्टोर रूम में अंदर प्रवेश किया तो दो लोग मौके पर मृत पाए गए। जबकि एक अन्य बुरी तरह झुलसा हुआ था। जिसे तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। जहां से उसे आगरा रैफर कर दिया गया है।
इधर एसएसपी अभिषेक यादव समेत अन्य आला अधिकारियों ने मौका मुआयना किया है। कप्तान अभिषेक यादव ने बताया कि पूरे तथ्यों की जांच करवाकर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। मुख्य दमकल अधिकारी प्रमोद शर्मा ने बताया इस होटल को कुछ समय पहले ही फायर सिस्टम प्रॉपर न होने पर नोटिस जारी किया गया था। मृतकों की पहचान तीस वर्षीय उमेश निवासी गांव दरबे थाना मांट और वीरी सिंह 40 वर्ष के रूप में हुई है।
डॉ. भूदेव (नियंत्रण कक्ष प्रभारी, CMO कार्यालय, मथुरा) ने बताया कि होटल में आग लगने की सूचना मिलने के बाद मेडिकल टीम मौके पर भेजी गई। घायलों को अस्पताल भेजा गया जिसमें से एक घायल को आगरा रेफर कर दिया गया है। हमें वहां से 2 शव मिले हैं जिनकी मृत्यु दम घुटने से हुई है। प्रमोद शर्मा (मुख्य अग्निशमन अधिकारी, मथुरा, उत्तर प्रदेश) ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे आग की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि पहले मंजिल (होटल के) पर स्टोर रूम में आग लगी है। आग में 2 लोग झुलसे हैं, उन्हें अस्पताल भेजा गया है। आग पर काबू पा लिया गया है।
ये भी पढ़ें : मथुरा: दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का माल जल हुआ खाक
