अयोध्या: फिट इंडिया में कालेजों की नहीं रुचि, 437 में सिर्फ 46 ने कराया पंजीकरण
अयोध्या, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “मै फिट तो इंडिया फिट” के नारे के साथ शुरू किए गए फिट इंडिया मूवमेंट में अयोध्या के कालेजों की दिलचस्पी नहीं है। इसके तहत आयोजित होने वाली फिट इंडिया स्कूल क्विज प्रतियोगिता में अभी तक कालेजों ने रजिस्ट्रेशन कराने में गंभीरता नहीं दिखाई है। नतीजा यह है …
अयोध्या, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा “मै फिट तो इंडिया फिट” के नारे के साथ शुरू किए गए फिट इंडिया मूवमेंट में अयोध्या के कालेजों की दिलचस्पी नहीं है। इसके तहत आयोजित होने वाली फिट इंडिया स्कूल क्विज प्रतियोगिता में अभी तक कालेजों ने रजिस्ट्रेशन कराने में गंभीरता नहीं दिखाई है। नतीजा यह है कि जिले के कुल 437 कालेजों में से मात्र 48 ने ही अभी तक रजिस्ट्रेशन कराया है। जिसे लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को इस संबंध में तेजी लाने के लिए निर्देश दिया है।
करीब तीन वर्ष पूर्व शुरू किए गए फिट इंडिया मूवमेंट के तहत कालेजों में क्विज और अन्य प्रतियोगिताओं के आयोजन का प्रावधान किया गया था। इस बार भी क्विज प्रतियोगिता को लेकर डीआईओएस कार्यालय द्वारा लगातार कालेजों को कहा जा रहा है लेकिन कोई सकारात्मक नतीजा सामने नहीं आया है। यही कारण है कि गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र पांडेय को सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है। श्री पाण्डेय की ओर से जारी पत्र में निर्देश दिया गया है कि फिट इंडिया स्कूल क्विज प्रतियोगिता में विद्यालयों के पंजीकरण अंतिम तिथि 15 नवंबर तक निर्धारित गई है।
उन्होंने बताया कि जनपद में कम विद्यालयों का रजिस्ट्रेशन होने के कारण निदेशालय स्तर से अप्रसन्नता व्यक्त की गई है। जिसे देखते हुए सभी कालेजों को पुनः निर्देशित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के युवा और खेल मंत्रालय के पोर्टल पर फिट इंडिया क्विज-2022 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। अब छात्र-छात्राएं 15 नवंबर तक इसके पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते है। पहले आनलाइन रजिस्ट्रेशन की तिथि 15 अक्टूबर तक निर्धारित थी । इस बार आनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए 50 रुपये शुल्क है। पहले रजिस्ट्रेशन निशुल्क होता था।
