बरेली: पांच साल में बढ़े 88000 मतदाता, 12 लाख से अधिक वोटर लिखेंगे भाग्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। मतदाता सूची फाइनल होने की कगार पर है। मतदाता सूची का पुनरीक्षण के बाद अनंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इस हिसाब से पूरे जिले में पांच वर्षों में 88 हजार से अधिक मतदाता बढ़ गए हैं। इस बार 12 …

बरेली, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। मतदाता सूची फाइनल होने की कगार पर है। मतदाता सूची का पुनरीक्षण के बाद अनंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इस हिसाब से पूरे जिले में पांच वर्षों में 88 हजार से अधिक मतदाता बढ़ गए हैं। इस बार 12 लाख से अधिक मतदाता निकाय चुनाव में दावेदारी करने वालों के भाग्य विधाता बनेंगे। शहर में 7 लाख 73 हजार से अधिक वोटर महापौर चुनेंगे।

यह भी पढ़ें- बरेली: जिले के पांच ब्लॉकों में फैला डेंगू, संवेदनशील किया घोषिति

नगर निकाय के चुनाव को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। दिसंबर में चुनाव कराए जा सकते हैं। चुनाव आयोग के आदेश पर 20 सितंबर से 30 अक्टूबर तक घर-घर जाकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण के कार्य के लिए बीएलओ को लगाया गया था। टीमों ने घर-घर जाकर मतदाता सूची से नाम हटाने-बढ़ाने का कार्य किया है। इसके बाद प्रशासन की ओर से मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।

एडीएम प्रशासन ऋतु पुनिया ने बताया कि जारी की गई अनंतिम सूची के अनुसार, जिले में पांच वर्षों में 88 हजार नए मतदाता बढ़े हैं। वहीं, 48 हजार 466 वोटरों के नाम सूची से काटे गए हैं। पांच साल पूर्व 2017 में जिले में 11 लाख 65 हजार 463 मतदाता थे। 48466 पुराने मतदाताओं के नाम सूची से हटने से 1116997 वोटर रहे गए हैं।

अब इसमें नए बढ़े 88091 वोटरों को शामिल करने पर यह संख्या बढ़कर 1205088 हो गई है। नगर निगम की बात करें ताे 2017 में 7 लाख 61 हजार 116 वोटर थे। वहीं, 19 हजार 863 वोटरों के नाम सूची से हटाए गए हैं, जबकि 32 हजार 237 नए मतदाताओं को जोड़ा गया है।

इस तरह से शहर में कुल वोटरों की संख्या अब 7 लाख 73 हजार 490 हो गई है। हालांकि, एडीएम प्रशासन ऋतु पुनिया ने बताया कि अभी यह आंकड़े फाइनल नहीं हैं। दावे-आपत्तियों के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाना है। इसके बाद ही पता चल सकेगा जिले में मतदाताओं की फाइनल संख्या क्या है। हालांकि, जानकारों का कहना है कि अंतिम सूची के बाद आंकड़ों में बहुत ज्यादा बदलाव की आशंका नहीं है। हां, आंशिक रूप से वोटरों की संख्या घट-बढ़ सकती है।

7 तक दावे-आपत्ति, 18 को अंतिम प्रकाशन
मतदाता सूची का पुनरीक्षण कर अनंतिम प्रकाशन के बाद 7 नवंबर तक लोगों की ओर से दावे-आपत्ति किए जाएंगे। इसके बाद दावों-आपत्तियों की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद 18 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर जिले में मतदाताओं की फाइनल संख्या पर मुहर लगा दी जाएगी।

मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन हो चुका है। दावे-आपत्तियों के लिए समय दिया गया है। आपत्तियों की जांच कराने के बाद 18 नवंबर को सूची का अंतिम प्रकाशन कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगीऋतु पुनिया, एडीएम प्रशासन।

यह भी पढ़ें- बरेली: मंडलायुक्त के प्रयास से किला पुल की होगी मरम्मत, 4.88 करोड़ मंजूर

संबंधित समाचार