अयोध्या : बोरी, कांटा और पंखा समेत सब हाजिर, किसान नदारद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। धान खरीद को लेकर जिले के 48 केन्द्रों पर अभी तक सन्नाटा पसरा हुआ है। केन्द्रों पर बोरी, कांटा और पंखा समेत सभी सुविधाएं हैं लेकिन किसानों का रुख अभी नहीं हुआ है। जिसके चलते इस बार खरीद का निर्धारित लक्ष्य पूरा हो पाने में संदेह है। जिले में इस बार 90 …

अमृत विचार, अयोध्या। धान खरीद को लेकर जिले के 48 केन्द्रों पर अभी तक सन्नाटा पसरा हुआ है। केन्द्रों पर बोरी, कांटा और पंखा समेत सभी सुविधाएं हैं लेकिन किसानों का रुख अभी नहीं हुआ है। जिसके चलते इस बार खरीद का निर्धारित लक्ष्य पूरा हो पाने में संदेह है। जिले में इस बार 90 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एक नवम्बर से अब तक मात्र एक केंद्र पर केवल 50 कुंतल धान खरीद हुई है।

तारुन प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक अंतर्गत साधन सहकारी समिति यादवपुर, टिकरी, परसावा महोला, चरावा, गरौली, पलिया मलावन के अलावा विपणन शाखा के धान क्रय केंद्रों पर धान खरीद की बोहनी नहीं हुई है। समिति के केंद्र प्रभारी आशीष सोनी ने बताया कि मिलों का अनुबंध न होने से बोरे की दिक्कत है।

विपणन शाखा के प्रभारी विनोद कुशवाहा ने बताया कि एक दाना धान नहीं खरीदा गया है। रुदौली प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में सरकारी धान खरीद के लिए खोले गए क्रय केंद्रों पर ऑनलाइन टोकन प्रक्रिया से किसान सरकारी केंद्रों पर अभी रुख नहीं कर रहे हैं। नगर में विपणन शाखा के धान क्रय केंद्र पर प्रभारी पीयूष कुमार ने बताया कि अब तक 50 कुंतल की खरीद हुई है। बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार में भी सरकारी खरीद केंद्रों पर भी सन्नाटा छाया हुआ है।

बीकापुर किसान सेवा साधन सहकारी समिति के सचिव सुनील कुमार पांडे ने बताया कि पंजीकरण कराने वाले किसानों के धान की ही सरकारी खरीद केंद्रों पर होती है। किसान पहले बासमती चावल बेचता है। बाद में मोटा चावल बेचता है। दो-तीन दिन में सरकारी खरीद केंद्रों पर किसानों के धान की खरीद शुरू होने की उम्मीद है। मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार अमानीगंज ब्लाक क्षेत्र में धान खरीद के लिए बनाए गए छह क्रय केंद्रों पर राइस मिलों के साथ अनुबंध न होने के कारण खरीद शुरू नहीं हो सकी है।

क्षेत्र के साधन सहकारी समिति बघौड़ा, रौतावां, देवगांव, बोड़ेपुर, जगदीशपुर क्रय केंद्रों को बोरे भी नहीं मिल रहें है। केंद्रों पर पहुंच रहे इक्का-दुक्का किसानों को निराश लौटना पड़ रहा है। जगदीशपुर साधन सहकारी समिति के सचिव संजय शुक्ल ने बताया कि खरीद की तैयारियां पूरी हैं राइस मिलों से अनुबंध होते ही खरीद शुरू की जाएगी। मिल्कीपुर रुदौली मुख्य मार्ग पर स्थित साधन सहकारी समिति अमानीगंज को इस बार क्रय केंद्र नहीं बनाए जाने से किसानों में भारी निराशा भी है।

इस सम्बन्ध में डिप्टी आरएमओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि, अयोध्या जनपद का धान खरीद लक्ष्य 90 हजार एमटी रखा गया है। खरीद एक नवम्बर से शुरू हुई है जो 28 फरवरी तक की जाएगी। जिन किसानों ने धान बिक्री करने के लिए पंजीकरण कराया है उन्हीं से धान की खरीद की जायेगी। खरीद का निर्धारित लक्ष्य पूरा होगा।

यह भी पढ़ें:- रामपुर: धान खरीदकर दो करोड़ हड़पे तो किसानों का चढ़ा पारा, हंगामा

संबंधित समाचार