रेप के आरोपी दनुष्का गुनाथिलका की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट का जमानत देने से इनकार, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने किया सस्पेंड
सिडनी/कोलंबो। सिडनी की एक स्थानीय अदालत ने श्रीलंका के क्रिकेटर दनुष्का गुनाथिलका को एक महिला के यौन उत्पीड़न के मामले में सोमवार को जमानत देने से इनकार कर दिया, जबकि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने गुनाथिलका को तुरंत प्रभाव से सभी तरह की क्रिकेट से निलंबित कर दिया। 31 वर्ष के दनुष्का गुनाथिलका को श्रीलंका टीम …
सिडनी/कोलंबो। सिडनी की एक स्थानीय अदालत ने श्रीलंका के क्रिकेटर दनुष्का गुनाथिलका को एक महिला के यौन उत्पीड़न के मामले में सोमवार को जमानत देने से इनकार कर दिया, जबकि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने गुनाथिलका को तुरंत प्रभाव से सभी तरह की क्रिकेट से निलंबित कर दिया। 31 वर्ष के दनुष्का गुनाथिलका को श्रीलंका टीम के ऑस्ट्रेलिया से रवाना होने से ठीक पहले रविवार को तड़के गिरफ्तार किया गया था। उसने स्थानीय अदालत के सरी हिल्स विभाग में एक वीडियो लिंक के जरिए सुनवाई में भाग लिया।
The ExCo of SLC decided to suspend national player Danushka Gunathilaka from all forms of cricket with immediate effect and will not consider him for any selections. READ ?https://t.co/0qp6lNVEoH
— Sri Lanka Cricket ?? (@OfficialSLC) November 7, 2022
‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ की रिपोर्ट के अनुसार सुनवाई में वर्चुअल उपस्थिति के दौरान दनुष्का गुनाथिलका को हथकड़ी पहनाई गई थी। उसने सफेद रंग की टीशर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि उसके वकील आनंद अमरनाथ ने सुनवाई के दौरान जमानत की अर्जी दी थी लेकिन मजिस्ट्रेट रॉबर्ट विलियम्स ने जमानत देने से इनकार कर दिया। रिपोर्ट में अमरनाथ के हवाले से कहा गया है,‘‘ निश्चित तौर पर हम सुप्रीम कोर्ट में याचिका डालने पर विचार कर रहे हैं और यह जितना संभव हो उतनी जल्दी किया जाएगा। निश्चित तौर पर वह निराश होगा।’’
श्रीलंका की टीम शनिवार को टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद दनुष्का गुनाथिलका के बिना स्वदेश रवाना हो गई थी। अमरनाथ ने कहा की वह जानते हैं कि उनकी टीम के कुछ अधिकारी अभी ऑस्ट्रेलिया में हैं। कोलंबो में श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने इस क्रिकेटर को निलंबित कर दिया। देश की सरकार ने श्रीलंका क्रिकेट को इस घटना की जांच शुरू करने के निर्देश दिए थे। श्रीलंका क्रिकेट ने बयान में कहा, श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की कार्यकारी समिति ने राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी दनुष्का गुनाथिलका को तुरंत प्रभाव से सभी तरह की क्रिकेट से निलंबित करने का फैसला किया है तथा चयन के लिए उसके नाम पर विचार नहीं किया जाएगा। दनुष्का गुनाथिलका के ऑस्ट्रेलिया में एक महिला के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद बोर्ड ने यह फैसला किया।’’
बोर्ड ने आगे कहा,‘‘ इसके अलावा श्रीलंका क्रिकेट इस कथित अपराध की जांच करने के लिए जरूरी कदम उठाएगा तथा ऑस्ट्रेलिया में अदालती मामले में उक्त खिलाड़ी के दोषी पाए जाने पर उसे दंडित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।’’ एसएलसी ने कहा कि वह किसी खिलाड़ी के इस तरह के आचरण के मामले में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाता है तथा वह इस घटना की निष्पक्ष जांच के लिए ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों की हर संभव मदद करेगा। बाएं हाथ का बल्लेबाज दनुष्का गुनाथिलका पहले दौर में नामीबिया के खिलाफ खेला था और वह खाता खोले बिना आउट हो गया था। इसके बाद वह चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। श्रीलंकाई टीम ने सुपर 12 चरण के लिये क्वालीफाई किया लेकिन गुप एक में चौथे स्थान पर रही।
स्थानीय मीडिया के अनुसार दनुष्का गुनाथिलका और महिला ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए पिछले कई दिनों से एक दूसरे के संपर्क में थे। दनुष्का गुनाथिलका का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले 2021 में इंग्लैंड दौरे में अपने साथी कुसाल मेंडिस और निरोशन डिकवेला के साथ टीम के जैव सुरक्षित वातावरण का उल्लंघन करने के कारण श्रीलंका बोर्ड ने उसे एक साल के लिए निलंबित कर दिया था। बोर्ड ने 2018 में भी टीम के नियमों का उल्लंघन करने पर छह माह के लिए प्रतिबंधित कर दिया था। उसी वर्ष गुनाथिलाका को निलंबन झेलना पड़ा था क्योंकि उसके एक अज्ञात दोस्त पर नार्वे की महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा था।
बोर्ड ने 2017 में भी अभ्यास सत्र में नहीं आने और एक मैच के लिए क्रिकेट के अपने सामान के बिना पहुंचने पर गुणतिलका को सीमित ओवरों के छह मैचों के लिए निलंबित कर दिया था। दनुष्का गुनाथिलका ने श्रीलंका की तरफ से आठ टेस्ट, 47 वनडे और 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
ये भी पढ़ें : ICC Player of the Month: विराट कोहली ने पहली बार जीता ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड, सिकंदर रजा-डेविड मिलर को छोड़ा पीछे
