बिजनौर: ससुराल वालों ने की गर्भवती महिला से मारपीट, मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/चांदपुर, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव धारुपुर निवासी रूपा राजपूत को सुसरालियों ने हमला कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। घायल पीड़िता ने सुसरालियों पर गर्भ को भी नष्ट करने का आरोप लगाया है । पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना शिवाला कंला के गांव धारुपुर निवासी स्व. कुड़े सिंह …

बिजनौर/चांदपुर, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव धारुपुर निवासी रूपा राजपूत को सुसरालियों ने हमला कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। घायल पीड़िता ने सुसरालियों पर गर्भ को भी नष्ट करने का आरोप लगाया है । पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना शिवाला कंला के गांव धारुपुर निवासी स्व. कुड़े सिंह की पुत्री रूपा राजपूत की शादी 22 जून 2022 को ग्राम झुझैला पोस्ट भैंसा निवासी गौरव पुत्र मलखान सिंह के साथ हुई थी। पीड़िता रूपा राजपूत का आरोप है कि उसका पति गौरव, ससुर मलखान सिंह एवं सास रेखा शादी के बाद से ही उसके साथ मारपीट करते हैं। कई बार परिजनों, रिश्तेदारों एवं ग्रामवासियों द्वारा समझौता भी कराया जा चुका है।

रूपा राजपूत के अनुसार वह दो माह की गर्भवती है। तहरीर में कहा है कि चार नवम्बर को उसके ससुर मलखान सिंह ने उसके कमरे में घुसकर कपड़े फाड़ते हुए अश्लील हरकतें कीं। पीड़िता ने बताया कि खबर लेने आई उसकी मां को जब आवाज़ सुनाई दी तो मां ने ससुर का विरोध कर पीड़िता को बचाने का प्रयास किया। लेकिन उसके ससुर मलखान सिंह, पति गौरव और सास रेखा एवं एक अन्य ने तमंचे के बल पर पीड़िता एवं मां को जबरन गाड़ी से निकटवर्ती गांव भैंसा के जंगल में ले गए और मारा पीटा।

जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। शोर सुनकर आए राहगीरों एवं गन्ना सेन्टर इन्चार्ज ने पीड़िता रूपा राजपूत और उसकी माँ को बचाया और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस पीड़िता को थाने लाई और मेडिकल के लिए भेजा। गम्भीर हालत को देखते हुए पीड़िता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पीड़िता रूपा राजपूत के सिर में गम्भीर चोट हैं तथा गर्भ को भी नुकसान होने की स्थिति बताई जा रही है। पीड़िता रूपा राजपूत ने पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी निरीक्षक शिवदीन वर्मा ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा।

ये भी पढ़ें:- अयोध्या: अस्पताल में जल्दी अल्ट्रासाउंड कराने के नाम पर इंटर्न ने लिए 200 रुपये, जमकर हुई पिटाई

संबंधित समाचार