अयोध्या: बनने के 15 दिन बाद ही उखड़ गई सड़क, ग्रामीणों ने लगाया ये आरोप
अयोध्या, अमृत विचार। विकास खंड मसौधा के फिरोजपुर गंजा संपर्क मार्ग की सड़क बनने के मात्र पंद्रह दिन बाद ही उखड़ गई। सड़क पर अब फिर गिट्टी गिरना शुरू हुई है। आरोप है कि फिर से मरम्मत के नाम पर एक बार पैसा हजम करने का जुगाड़ चल रहा है। यही नहीं परिक्रमा मार्ग से …
अयोध्या, अमृत विचार। विकास खंड मसौधा के फिरोजपुर गंजा संपर्क मार्ग की सड़क बनने के मात्र पंद्रह दिन बाद ही उखड़ गई। सड़क पर अब फिर गिट्टी गिरना शुरू हुई है। आरोप है कि फिर से मरम्मत के नाम पर एक बार पैसा हजम करने का जुगाड़ चल रहा है।
यही नहीं परिक्रमा मार्ग से फिरोजपुर संपर्क मार्ग की भी यही दशा है। पीडब्ल्यूडी ने सड़क मरम्मत के नाम पर केवल खाना पूर्ति करके पैसे का भुगतान कर लिया। अब सड़क पूरी तरह से उखड़ गई है। दोनों सड़कें लोगों के चलने के लायक भी नहीं बची है। विकासखंड मसौधा के फिरोजपुर-गंजा मार्ग पर जनप्रतिनिधि व अधिकारियों की निगाहें नहीं जा रही है।
पीडब्ल्यूडी का आलम यह है कि अब तो 15 दिन भी सड़क नही चलती हैं। जबकि जनप्रतिनिधियों का भी इन सड़कों से आना-जाना होता है। गंजा गांव के निवासी कैलाश नाथ यादव, प्रधान लक्ष्मण यादव, माया राम यादव, केशव राम यादव, सत्रोहन भवानी, बकर मधुसूदन, बांकेलाल सेन ने बताया कि लगभग एक किलोमीटर की सड़क बनाई गई जो बरसात में खराब हो गई। अब उस पर पुनः चकती लगाई जा रही है। कहा कि सड़क का निर्माण नए सिरे से होगा तभी सड़क ठीक से बन पाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के नाम पर केवल भ्रष्टाचार किया जा रहा है। जिस पर शीघ्र रोक लगाना चाहिए। यही हाल परिक्रमा मार्ग से फिरोजपुर संपर्क मार्ग का है। ग्रामीणों ने आला अफसरों से शीघ्र ही मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें-बहराइच: गैस रिफिलिंग के दौरान लगी आग, मकान में ब्लास्ट, तीन झुलसे
