काशीपुर: 1 लाख 55 हजार व आभूषण के साथ दो दबोचे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। पुलिस ने तीन घरों में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात, एक लाख पचपन हजार व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया है।

गुरुवार को कोतवाली में एएसपी अभय सिंह ने चोरी का खुलासा करते हुए पत्रकारों को बताया कि प्रकाश रेजीडेंसी स्टेडियम रोड निवासी कुंदन सिंह, रेलवे कॉलोनी निवासी यशवंत राणा और आवास-विकास निवासी सुभान ने घरों में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चोरी के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया था।

टीम ने सुरागरसी करते हुए ढेला पुल के पास से दो संदिग्धों देखा। पुलिस को देख दोनों घबरा गए। रात को एकांत में खड़े होने का जब कारण पूछा तो दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने जब दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से एक बैग मिला। बैग में एक मोबाइल समेत जेवरात मिले। तलाशी लेने पर बैग से एक मोबाइल, सफेद धातु के छह सिक्के, एक जोड़ी कान के झुमके, अंगुठी, चेन, गले का हार, कान के कुंडल, एक जोड़ी पायल, एक कड़ा, एक जोड़ी इयर रिंग, एक लाख 55 हजार 200 रुपये और दो लोहे के ब्लेड बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आसिफ निवासी मोहल्ला फतुलागंज सैफीयान ठाकुरद्वारा और बसरु उर्फ बसरउद्दीन निवासी मोहल्ला धोबीयान मस्जिद के पास ठाकुरद्वारा जिला मुरादाबाद यूपी बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में माल बरामदगी के आधार पर धारा 454/411 आईपीसी की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों ने उत्तराखंड और यूपी में चोरी, नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस टीम में एसएसआई प्रदीप मिश्रा, एसआई नवीन बुधनी, मनोज जोशी, कंचन पडलिया, कपिल कंबोज, संतोष देवरानी, सिपाही प्रेम कंडवाल, जगत सिंह, योगेंद्र सिंह, दिनेश त्यागी, सुरेंद्र सिंह, जगदीश फर्त्याल शामिल रहे।

संबंधित समाचार