बहराइच: नेपालगंज में चुनाव को लेकर हुई भारत-नेपाल समन्वय बैठक
बहराइच। पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में आसन्न सामान्य निर्वाचन को लेकर बांके जनपद स्थित होटल में भारत नेपाल समन्वय बैठक हुई। बहराइच, श्रावस्ती डीएम, एसपी के साथ एसएसबी के अधिकारी भी शामिल हुए। चुनाव को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए दोनों देशों के अधिकारियों ने बात की। साथ ही 17 से 20 नवंबर तक सीमा बंद होने पर सहमत जताई।
डॉ. दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में बहराइच व श्रावस्ती जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस, एसएसबी, वन सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी बहराइच डॉ. चन्द्र ने कहा कि नेपाल में आसन्न आम चुनाव को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने में हर संभव सहयोग किया जायेगा। सीडीओ बांके सूर्य बहादुर खत्री ने बताया कि आम चुनाव के दृष्टिगत नेपाल सरकार द्वारा 17 नवम्बर की मध्य रात्रि 12ः00 बजे से 20 नवम्बर की मध्य रात्रि 12ः00 बजे तक भारत-नेपाल सीमा आवागमन के लिए बन्द रहेगी।
खत्री द्वारा इस अवधि में जनपद बहराइच व श्रावस्ती के अधिकारियों से सहयोग की अपेक्षा की बात कही। बैठक के दौरान सीमा स्तम्भों, मादक पदार्थो व मानव तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाये जाने, सीमा पर हो रहे सड़क निर्माण, सीमा पर अन्य आवांछीय गतिविधियों पर अंकुश लगाये जाने, वन सम्पदा की सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर भी चर्चा की। इसका मतलब है कि हम मात्र खुशियों में ही नहीं बल्कि गम में भी बराकर के शरीक हैं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्रावस्ती नेहा प्रकाश, पुलिस अधीक्षक बहराइच केशव कुमार चौधरी, श्रावस्ती के अरविन्द कुमार मौर्या, कमाण्डेण्ट एसएसबी 42वीं बटालियन के तपन कुमार दास, 59वीं बटालियन डिप्टी कमाण्डेण्ट शक्ति सिंह ठाकुर, 62वीं बटालियन आर.के राजेश्वरी, एसडीओ वन कतर्नियाघाट मनीष कुमार शर्मा ने भी सम्बोधित किया।
बैठक में कमाण्डेण्ट एसएसबी 42वीं बटालियन के तपन कुमार दास व 62वीं बटालियन आर.के राजेश्वरी, 59वीं बटालियन डिप्टी कमाण्डेण्ट शक्ति सिंह ठाकुर, उप जिलाधिकारी नानपारा अजित परेश व मिहींपुरवा (मोतीपुर) ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा राहुल पाण्डेय, एसडीओ वन कतर्नियाघाट मनीष कुमार शर्मा व आर.ओ. कतर्नियाघाट वी.के. मिश्रा तथा नेपाल साइड से सी.डी.ओ. बांके सूर्य बहादुर खत्री व बर्दिया के बन्धु प्रसाद बस्तोला, एसीडीओ बांके हरिप्रसाद शर्मा व बर्दिया के रमेश पाण्डेय, एसपी बांके श्याम कृष्ण अधिकारी व बर्दिया के वीरेन्द्र बहादर शाही, एसपी एपीएफ बांके जनकराज बसनेत व बर्दिया के जहर सिंह बूढ़ा, एसपीएनआईडी बांके नरेन्द्र राजगिरी व बर्दिया के प्रज्ज्वल खड़का, इस्पेक्टर बर्दिया महेश्वरी बिष्ट मौजूद रहे।
