Kanpur : इंशा टेनरी में सीवर टैंक की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों की मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
कानपुर, अमृत विचार। बिठूर और बर्रा में जहरीली गैस की चपेट में आने से मजदूरों की मौत के बाद भी प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। ऐसे ही जाजमऊ थाना क्षेत्र के इंशा टेनरी में सीवर टैंक साफ करने के दौरान उतरे तीन मजदूरों की मौत हो गई है। घटना से गुस्साए परिजनों ने हैलट अस्पताल की रोड पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पाकर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा है।
जाजमऊ स्थित इंशा टेनरी में गुरुवार शाम नौबस्ता बिनगवां निवासी 27 वर्षीय सोनू, धरमपुर बंबा निवासी 31 वर्षीय सत्यम, व कानपुर देहात की रनियां बिलसरायां का 25 वर्षीय सुखबीर अजय सिंह का ट्रैक्टर लेकर सीवर टैंक की सफाई करने पहुंचे थे। इस दौरान एक दूसरे को बचाने में तीनों बेसुध हो गए थे। इस पर साथी कर्मचारी उन्हें लेकर हैलट अस्पताल आए। यहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया है।
इधर, मृतकों के परिजन हैलट अस्पताल पहुंचे। इस पर आक्रोशित परिजनों ने हैलट अस्पताल के बाहर रोड पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया है। हंगामे की जानकारी पाकर भारी पुलिस बल भी पहुंचा है। चकेरी थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
