मुरादाबाद : व्यापारियों ने की सड़कों की खस्ताहाली दूर कराने व पार्किंग व्यवस्था की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
मुरादाबाद,अमृत विचार। शहर में सड़कों की खस्ताहाली दूर कराने और पार्किंग व्यवस्था आदि की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से भेजा।
व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष अजय अग्रवाल, प्रांतीय युवा उपाध्यक्ष विपिन गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने प्रशासनिक अधिकारी से मिलकर मांगपत्र दिया। इसमें शहर में जर्जर और टूटी सड़कों की मरम्मत कराने, सीवरेज लाइन बनवाने, ई रिक्शा का संचालन निर्धारित रूट पर कराने और बाजार में वाहन पार्किंग की व्यवस्था कराने की मुख्यमंत्री से मांग की। व्यापारी नेताओं ने कहा कि इन समस्याओं की वजह से कारोबार पर विपरीत प्रभाव पड़ता है।
मंगल बाजार में साप्ताहिक बंदी के दिन फड़ लगाने वालों से भी आवागमन में असुविधा होती है। समस्याओं का समाधान कराने और उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों को भी बुलाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष हरीश भसीन, सुनील अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल अध्यक्ष गिरीश भंडूला, संजय सहगल, अनुभव अग्रवाल, नवीन रस्तोगी, अमित गुप्ता, रवि अग्रवाल, अंबरीश अग्रवाल, प्रदीप रस्तोगी आदि शामिल रहे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : जिम्मेदारों ने ओढ़ ली खामोशी की चादर, डेंगू की दस्तक-आरक्षण की आहट के बीच बदल गया क्षेत्रीय पार्षदों का रवैया
