बाजपुर: खतौनी में दर्शाया ऋण, खाते में डाला नहीं
बाजपुर, अमृत विचार। भूमि पर स्वीकृत हुए ऋण की धनराशि प्राप्त हुए बिना ही खतौनी में ऋण चढ़ाने व संबंधित भू-स्वामी के खाते में ऋण की धनराशि नहीं डालने का आरोप लगाते हुए पीड़ित किसाना भाइयों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम भट्टपुरी नमूना निवासी सोमपाल सिंह व सुरेश कुमार पुत्र श्याम लाल ने शुक्रवार को कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि दोनों भाइयों के नाम पर ग्राम संतोषपुर के खाता संख्या 00041 में 0.364 हेक्टेयर भूमि है। इस भूमि को एक बैंक की शाखा में बंधक बनाते हुए ऋण के लिए आवेदन दिया था।
जिसमें बैंक द्वारा सभी जरूरी कागजी कार्रवाई व औपचारिकताएं पूर्ण करवाते हुए उनका लोन पास होने की जानकारी दी, लेकिन कई माह बीत जाने के बावजूद उनके खाते में लोक की धनराशि नहीं पहुंची। आरोप है कि शुक्रवार को जब वह बैंक शाखा में पहुंचे तो मैनेजर ने उनके लोन से संबंधित कंप्यूटर में कुछ नहीं होने की बात कही, जबकि भूमि की खतौनी में 1.14 लाख रुपये का ऋण 13 अक्टूबर को दर्शाया गया है।
