Kanpur में तेज रफ्तार का कहर, घाटमपुर में ट्रक की टक्कर से सजेती थाने में तैनात सिपाही की मौत, साला घायल
कानपुर के घाटमपुर के मुगल रोड स्थित भदरस तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार सिपाही की मौत हो गई। जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतक सिपाही सजेती थाने में तैनात था।
कानपुर, अमृत विचार। तेज रफ्तार का एक बार फिर कहर सामने आया है। घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुगल रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार सिपाही की मौत हो गई वही साला गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को गंभीर हालत में घाटमपुर सीएचसी लेकर पहुंची जहां से उसे हैलट रेफर कर दिया गया। घाटमपुर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
झांसी जिले के बूढावली के रहने वाले संजीव कुमार घाटमपुर सर्किल क्षेत्र के सजेती थाने में सिपाही के पद पर तैनात थे। शनिवार दोपहर संजीव अपने साले जितेंद्र के साथ भादरस गांव गए थे। जहं से वह वापस लौट रहे थे।
तभी मुगल रोड स्थित भदरस तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार सिपाही संजीव ट्रक के नीचे जा गिरे, वहीं साला जितेंद्र काफी दूर तक घिसट कर गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सिपाही को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
मामले में घाटमपुर थानाध्यक्ष रामबाबू ने बताया कि सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ट्रक मौके से भाग निकला है जिसकी तलाश की जा रही है।
