पीड़ित किसानों को तत्काल बांटी जाए क्षतिपूर्ति राशि, मुख्यमंत्री ने दिये अफसरों को निर्देश
लखनऊ। आपने सरकारी आवास पर शनिवार को अफसरों की एक बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण जिन भी जिलों में किसानों की फसल का नुकसान हुआ है, उनकी क्षतिपूर्ति बगैर देरी किये तत्काल दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखंड क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपदों सहित 50 जिलों के किसान प्रभावित हुए हैं। यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी प्रभावित किसान क्षतिपूर्ति से वंचित न रहे।
योगी ने कहा कि वर्तमान खरीफ क्रय वर्ष में किसानों से धान की खरीद शुरु हो चुकी है। किसानों की सुविधा के मद्देनजर सभी क्रय केंद्र क्रियाशील रहें। धान क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। क्रय केंद्र तक आने वाले हर पात्र किसान से धान खरीद की जाए। उनके भुगतान में बिल्कुल विलंब न हो। कहीं भी खाद की कमी न हो। कालाबाजारी करने वालों के साथ सख्ती से निपटें।
माघ मेले की व्यवस्था पर तय होगी जवाबदेही
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में त्रिवेणी तट पर आगामी माघ मेले की तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। प्रयागराज माघ मेले के सुचारु आयोजन के लिए विशेष सचिव और पुलिस अधीक्षक स्तर के एक-एक अधिकारी की तैनाती तत्काल कर दी जाए। मेले की व्यवस्था के प्रति इन अधिकारियों की जवाबदेही होगी।
बिना भेदभाव के टैबलेट, स्मार्टफोन बांटे
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को निशुल्क टैबलेट, स्मार्टफोन वितरण का कार्य सुचारु रूप से जारी रखा जाए। हमें अगले 5 साल में 2 करोड़ युवाओं को डिजिटल शक्ति से लैस करना है। बिना भेदभाव के हर छात्र-छात्रा को टैबलेट, स्मार्टफोन उपलब्ध कराया जाए।
