बरेली: 80 वार्डों में पार्षदी लड़ने को सामने आए सिर्फ 200 दावेदार, आरक्षण का बेसब्री से इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कई वर्तमान पार्षदों के साथ उनके वार्ड से 10 तक आवेदन पहुंचे

बरेली, अमृत विचार। निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच राजनैतिक दल आरक्षण का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दो दिन अवकाश के बाद अब 15 और 16 नवंबर तक आरक्षण घोषित होने की उम्मीद जताई जा रही है। नगर निगम के 80 वार्डों की पार्षदी लड़ने के लिए भाजपा में आवेदनों का सिलसिला शुरू है।

यह भी पढ़ें- बरेली: सुविधा सुनकर बोलीं कमिश्नर...बाकी इलाज की भी शुरू कराएं ओपीडी

80 वार्डों के लिए 200 से ज्यादा दावेदार सामने आ चुके हैं, लेकिन आरक्षण आने के बाद आवेदनों की संख्या दो गुनी बढ़ाकर करीब 600 पहुंच सकती है। कुछ वार्ड ऐसे भी हैं जहां एक भी दावेदार सामने नहीं आया। कौन से वार्ड की सीट सामान्य, ओबीसी, ओसीबी महिला, अनुसूचित जाति या अन्य वर्ग की होगी, यह अभी कोई नहीं जानता है।

जो आवेदन भाजपा के महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा के पास पहुंचे हैं, आरक्षण आते ही उनकी भी छंटनी होना तय है। इस बार 2017 के चुनाव के आरक्षण का फार्मूला नहीं चलेगा। चक्रानुक्रम प्रक्रिया के तहत आरक्षण तैयार किया गया है, इसमें पुरानी सीटों का आरक्षण बदलना तय माना जा रहा है, इसलिए भाजपा नेता खुलकर कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। निकाय चुनाव संयोजक एवं महानगर के महामंत्री अधीर सक्सेना ने बताया कि अभी तक पार्षदी के लिए 80 वार्डों से 200 दावेदार सामने आए हैं। आरक्षण आते ही इनकी संख्या दो गुनी हो सकती है।

नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष पद के दावेदारों की नब्ज टटोली
भाजपा कार्यालय में शनिवार को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी संतोष सिंह ने जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, वीरेंद्र गंगवार वीरू, सोमपाल सिंह समेत अन्य के साथ दो नगर पालिका और नौ नगर पंचायत क्षेत्रों की चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की और दावेदारों की नब्ज टटोली।

यह भी पढ़ें- बरेली कॉलेज में परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू, जानें डिटेल्स

संबंधित समाचार