मैनपुरी उपचुनाव: डिंपल यादव आज पहुंचेंगी सैफई, अखिलेश ने बुलाई पदाधिकारियों की बैठक
इटावा। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई मैनपुरी संसदीय सीट पर 5 दिसम्बर को उपचुनाव होगा। पिछले 33 साल में पहला मौका है जब इस सीट पर सपा को चुनौती मिलने की सम्भावना जताई जा रही है। बीजेपी हर हाल में जीत के दावे के साथ मैदान में है। सपा ने इस सीट पर डिंपल यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। तो वहीं भाजपा में अभी उम्मीदवार को लेकर मंथन जारी है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक डिंपल यादव सोमवार को अपना नामांकन कर सकती हैं।
मैनपुरी उप चुनाव की तैयारियों के बीच सपा उम्मीदवार और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव आज लखनऊ से सैफई पहुंच रही हैं। जानकारी मिली है कि अखिलेश यादव ने आज सैफई निवास पर पार्टी के स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है जिसमें मैनपुरी के प्लान को अंतिम रूप दिया जाएगा। वैसे मुलायम सिंह यादव के भतीजे रणवीर सिंह यादव की पुण्यतिथि को लेकर भी आज सैफई में पूरा यादव कुनबा जुट रहा है।
बताया जा रहा है कि अब से कुनबे में मुलायम की विरासत बरकरार रहे इसके लिए सैफई परिवार उपचुनाव के दौरान मैनपुरी में डेरा जमाएगा। मैनपुरी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव शनिवार को मैनपुरी पहुंच गए थे। पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव भी उनके साथ आए। पार्टी कार्यालय पर जाकर इन नेताओं ने उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पार्टी ने डिंपल यादव को यहां उम्मीदवार बनाया है। डिंपल सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी हैं इसलिए डिंपल की जीत ऐतिहासिक हो सपा इस पर पूरा जोर लगाएगी।
मैनपुरी से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव आज लखनऊ से सैफई पहुंचेंगी। वे परिवार के साथ समय बिताएंगी। पार्टी के जो भी दिशा निर्देश होंगे उसके बारे में उन्हें अवगत कराया जाएगा। उनके लिए चार सेटों में नामांकन पत्र खरीदे गए हैं। आवश्यक अभिलेख पूरे होंगे और नामांकन पत्र पर उनके फोटो और हस्ताक्षर कराए जाएंगे। डिंपल संभवत सोमवार या फिर मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
