अयोध्या: विवि में नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लोगों से एक लाख ठगे, एफआईआर दर्ज
बीकापुर, अयोध्या। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्व विद्यालय में नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। ठगी के इस मामलें में पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। ठगी का यह मामला वर्ष 2018 का है। अब तक पीड़ित पैसे वापसी के लिए दौड़ रहे थे, आरोपी द्वारा पैसे न देने पर एफआईआर दर्ज कराया है।
तारुन थाना क्षेत्र के भादरखुर्द बुजुर्ग गांव निवासी दिनेश कुमार व तुलसीराम सहित हैदरगंज थाना क्षेत्र के बरौली गांव निवासी यमुना प्रसाद ने दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि वर्ष 2018 में एक मित्र के यहां कार्यक्रम में गये थे। उसी दौरान गोसाईगंज थाना क्षेत्र के रामापुर गद्दोपुर गांव निवासी मयाराम गौतम पुत्र रामजतन से मुलाकात हुई।
चर्चा होने पर आरोपी ने अवध विश्वविद्यालय में नौकरी लगवाने की बात कही। नौकरी के नाम पर पीड़ितों से 50-50 हजार रुपये लिया गया। कुछ महीना बीतने के बाद आरोपी ने रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से एक लेटर भिजवा कर पीड़ित लोगों को विश्वास में लिया। उसके बाद पुनः 25000- 25000 रुपया ले लिया गया।
लेकिन नौकरी नहीं मिली तो पीड़ित लोगों ने आरोपी के घर पैसा मांगने कई बार गए लेकिन आरोपी एक भी रुपया वापस नहीं किया और टालमटोल करता रहा। तब तीनों पीड़ितों ने तारुन थाने की पुलिस से शिकायत किया। थानाध्यक्ष रतन सिंह ने बताया कि आरोपी मयाराम गौतम के खिलाफ 11 नवम्बर को एफआईआर दर्ज किया गया है। विवेचना चल रही है।
