बहराइच: मांगों को लेकर भाकियू का धरना चौथे दिन भी जारी, किसानों ने आरपार लड़ाई को भरी हुंकार
बहराइच, जरवलरोड। जिले के घाघराघाट रेलवे स्टेशन के निकट किसानों का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। सभी का कहना है कि तीन सूत्रीय मांगों को लेकर अधिकारी ज्ञापन तक लेने नहीं आ रहे हैं। अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
जरवल विकास खंड के घाघराघाट रेलवे स्टेशन के सामने भारतीय किसान यूनियन किसानों की तीन सूत्री मांगों को प्रदेश सचिव ओम प्रकाश वर्मा के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार को घाघराघाट पर चौथे दिन भी धरना जारी है।किसान अपनी मांगों पर अडिग है।
किसान फसलों को नष्ट करने वाले छुट्टा जानवरों को गौशाला भेजने, भारी बारिश और जलभराव के कारण क्षेत्र के किसानों की धान की फसलें नष्ट हो गयी है। इसको देखते हुए भविष्य में किसानों को जलभराव से निजात दिलाने के लिए नाला बनवाकर एल्गिन चरसडी बांध में साइफन का निर्माण करवाया जाए,जिससे किसानों के खेतों का पानी घाघरा नदी में वापस चला जाए।
कोरोना के समय में बंद की गई लखनऊ गोंडा गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन का संचालन और लखनऊ गोरखपुर इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव घाघराघाट रेलवे स्टेशन पर किया जाए। प्रदेश सचिव ने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसानों की मांग पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।जरूरत पडी तो किसान महापंचायत भी की जाएगी।
इस अवसर पर जोगिंदर पहलवान, दृगराज यादव, सगीर अहमद, रामजस यादव, रामनरेश, राम अचल यादव, राजेंद्र प्रसाद गौतम, कैलाश यादव, राजू निषाद, अनिरुद्ध प्रसाद गौतम, परसराम यादव, रक्षा राम, अमित कुमार, रामसिंह वर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
