देहरादून: रणदीप भाटी गैंग के शार्प शूटर देहरादून से गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आए रणदीप भाटी गिरोह के तीन शार्प शूटरों को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और देहरादून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली का रणदीप भाटी गिरोह नोएडा और दिल्ली एनसीआर में सक्रिय है, जो अपहरण, फिरौती, हत्या जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देता आ रहा है। 

एसटीएफ के अनुसार, शनिवार देर रात सटीक सूचना मिली थी कि रणदीप भाटी गिरोह के कुछ शार्प शूटर देहरादून में कोई बड़ी वारदात करने की फिराक में हैं और देहरादून आ रहे हैं। कुल्हाल बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान शनिवार रात करीब 11 बजे आशा रोड़ी पर एसटीएफ के उपनिरीक्षक विपिन बहुगुणा और नरोत्तम बिष्ट के नेतृत्व में तैनात टीम ने काले रंग की स्कार्पियो का पीछा करना शुरू किया और ट्रांसपोर्ट नगर के पास फिल्मी अंदाज में चौतरफा घेराबंदी कर स्कार्पियो को रुकवा लिया गया।

स्कार्पियो में मौजूद मिले तीन युवकों हरपाल निवासी रेवाड़ी, हरियाणा, गौरव चंदीला निवासी फरीदाबाद, हरियाणा और गौरव कुमार निवासी चांदीनगर, बागपत की तलाशी ली गई तो उनके पास से 2 पिस्टल, 1 तमंचा और 12 कारतूस बरामद हुए। इनमें हरपाल गैंग का मुख्य शार्प शूटर है। बदमाशों ने पूछताछ में दावा किया कि वे लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने आए थे, लेकिन एसटीएफ कई एंगल पर पूछताछ और जांच कर रही है।

संबंधित समाचार