बरेली: इस साल भूल जाएं लखनऊ की उड़ान, एलाइंस एयर ने भी फेरा मुंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली-लखनऊ उड़ान को लेकर उम्मीदों की किरण कयासों में गुम हो गई

बरेली, अमृत विचार। सिविल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए एलाइंस एयर कंपनी के एटीआर-42 से जाने का सपना देखने वाले लोगों की उम्मीद इस साल टूटती नजर आ रही है। जो एलाइंस एयर अगस्त माह से लखनऊ उड़ान शुरू कराने का सपना दिखा रही थी। उसने भी मुंह फेर लिया है। उम्मीद की किरण कयासों में गुम हो गई।

यह भी पढ़ें- बरेली: कचहरी से बेटी के अपहरण का किया प्रयास, रिपोर्ट दर्ज

लखनऊ उड़ान का अब तो जिक्र भी गायब हो गया। एयरपोर्ट के अधिकारी भी साफ कहते नजर आते हैं कि एलाइंस एयर दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। उनकी ओर से कोई पत्राचार नहीं हुआ है। उड़ान के संबंध में एलाइंस एयर के प्रतिनिधि भी बात करने से बचते नजर आ रहे हैं।

अगस्त में उड़ान शुरू कराने का दावा करने वाली एलाइंस एयर ढाई माह के बाद भी सक्रिय नहीं दिख रही। एलाइंस की बुकिंग वेबसाइट पर अब बरेली टू लखनऊ और लखनऊ टू बरेली उड़ान का जिक्र भी नहीं है। वहीं, सिविल एयरपोर्ट परिसर में 180 सीटर एयरबस पार्क करने के लिए दो बड़े एप्रेन का निर्माण किया जा रहा है, इस वजह से यह माना जा रहा है कि इस साल उड़ान शुरू नहीं हो सकती है। निर्माण कार्य होने से एटीआर को पार्क करने में दिक्कतें सामने आ रही हैं।

6 अगस्त की तारीख सबसे पहले प्रस्तावित हुई थी
लखनऊ उड़ान की सबसे पहले 6 अगस्त की तारीख प्रस्तावित हुई थी। इसके बाद 9 फिर 23 तारीख लगी। इसी तरह तारीखों के फेरबदल में उड़ान गुम होती रही। अगस्त के बाद सितंबर आने पर उड़ान चर्चा से भी गायब हो गई थी। भारत सरकार की ''उड़ान योजना'' के तहत 42 सीटर एटीआर से लखनऊ की उड़ान शुरू करने की तैयारी थी।

यह शेड्यूल अब एलाइंस की वेबसाइट से भी हटा दिया गया
बरेली-लखनऊ फ्लाइट के लिए पूर्व में जारी हुए शेड्यूल के अनुसार बरेली से 2.10 बजे उड़ान भरकर 3.10 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचनी थी। करीब 30 मिनट रुकने के बाद दोपहर बाद 3.40 बजे लखनऊ से उड़ान भरकर 4.40 बजे बरेली पहुंचनी थी। बरेली से 5.05 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी। यह फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होनी थी।

यह भी पढ़ें- बरेली: बीडीए की रामगंगा नगर की भूमि पूरी तरह से कब्जा मुक्त, अवैध मकानों को किया ध्वस्त

संबंधित समाचार