मौसम का मिजाज : अगले 48 घंटे बाद तेजी से बढ़ेगी ठंड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पश्चिमी हिमालय के क्षेत्र में हुआ पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर भारत में अगले दो दिन होगी जोरदार बारिश,

बारिश के बाद उत्तर प्रदेश समेत उत्तर-पूर्वी भारत में एकमुश्त तीन डिग्री तक गिरेगा पारा

अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के अधिकांश शहरों में सुबह के समय कोहरे का प्रकोप देखने को मिल रहा है। इसके कारण बीते 72 घंटों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ रात के समय में ठंड का एहसास बढ़ा है। पर दिन के समय चटक धूप के कारण गर्मी का एहसास बरकरार है। आगामी 48 घंटे के बाद प्रदेश में तापमान एकमुश्त 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। जिसके कारण तेजी से ठंड बढ़ेगी। 

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय के क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बन गई है। इसके कारण उत्तरी भारत के राज्यों में आगामी दो दिनों तक मध्यम से भारी दर्जे की बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र जैसे मुजफ्फर नगर, बरेली, पीलीभीत, मेरठ, अमरोहा आदि में भी बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इसके बाद 15 नवंबर से अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी।


18 से बढ़ेगा कोहरा

पूर्वानुमान रिपोर्ट की मानें तो आगामी 18 नवंबर से लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश शहरों में कोहरे का प्रकोप काफी तेजी से बढ़ेगा। दिन के अधिकांश समय कोहरा देखने को मिलेगा। इसके कारण तापमान में भी और तेजी से गिरावट होगी व सर्दी बढ़ेगी। 

 

15 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंचा तापमान  

राजधानी में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे आ गया है। लोग रात में कंबल निकालने को मजबूर हो गए हैं। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री की बढ़त के साथ 28.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

 

 

संबंधित समाचार