लखनऊ: भाषा विश्वविद्यालय में मिला छात्रों को फ्री इंटर्नशिप का मौका
अमृत विचार लखनऊ। भाषा विश्विद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के बायोटेक्नोलोजी विभाग में प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन हुआ। इस ड्राइव में एक्सपीरिओम बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक डॉ महेश कुमार बसंतानी, साइंटिस्ट स्वाति वैश्य एवं नूतन सिंह ने विद्यार्थियों से उनके विषय से संबंधित कई प्रश्न पूंछे।
विद्यार्थियों की हाज़िर जवाबी से प्रभावित होकर कंपनी ने एक विद्यार्थी (अरुण कुमार) को ऑफ़र लेटर दिया और 11 विद्यार्थियों को 6 माह की फ्री इंटर्नशिप के लिए चुना जिसके उपरांत अच्छा प्रदर्शन करने वालों को कंपनी में काम करने का मौका दिया जाएगा। इस इंटर्नशिप के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक गुणों में पारंगत किया जाएगा।
इसके अलावा कम्पनी द्वारा बैच के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी 3 दिवसीय प्रयोगात्मक कार्यशाला कराने और सर्टिफिकेट देने की बात कही गई। इस ड्राइव का आयोजन संकाय के निदेशक प्रो एस के त्रिवेदी के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की सदस्य निधि सोनकर एवं बायोटेक्नोलॉजी विभाग की सह आचार्य डॉ ममता शुक्ला द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभाग से डॉ आर के त्रिपाठी, डॉ नदीम अंसारी एवं डॉ मानवेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।
