बरेली: क्रिकेट खेल संक्रमितों को स्वस्थ रहने की दी सलाह
बरेली, अमृत विचार। जिंदगी का नाम ही जिंदादिली है। यह लाइनें पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर कोविड-19 अस्पताल में उपचार करा रहे उन संक्रमित मरीजों पर फिट बैठ रहीं हैं जो कोरोना का डर दिलोदिमाग से निकाल चुके हैं और अन्य संक्रमितों को भी डर निकालकर कोरोना से जंग जीतने का संदेश दे रहे हैं। संक्रमित मरीज …
बरेली, अमृत विचार। जिंदगी का नाम ही जिंदादिली है। यह लाइनें पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर कोविड-19 अस्पताल में उपचार करा रहे उन संक्रमित मरीजों पर फिट बैठ रहीं हैं जो कोरोना का डर दिलोदिमाग से निकाल चुके हैं और अन्य संक्रमितों को भी डर निकालकर कोरोना से जंग जीतने का संदेश दे रहे हैं। संक्रमित मरीज लोगों को कोरोना से बचाव रखने के साथ उससे लड़ने का हौसला भी दे रहे हैं। यहां के संक्रमितों का गुरुवार को क्रिकेट खेलने का वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें वह पीपीई किट पहने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ क्रिकेट खेलकर मनोरंजन करते नजर आ रहे हैं।
कोरोना का संक्रमण लगातार फैल रहा है। संक्रमित निकलने वाले मरीज के परिजनों से लोग दूरी बना रहे हैं। प्रेमनगर निवासी एक युवक में कोराना संक्रमण के लक्षण नहीं हैं लेकिन जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। उसे उपचार के लिए इज्जतनगर के रेलवे अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस युवक ने पहले दिन पैरामेडिकल स्टाफ के साथ शारीरिक दूरी बनाते हुए डांस करने का वीडियो वायरल किया।
दूसरे दिन कुछ लोग हनुमान चालीसा का पाठ करते तो कुछ लोग सफाई करने का काम करते दिखे। वहीं गुरुवार को अब अस्पताल के अंदर शारीरिक दूरी के साथ क्रिकेट मैच खेलते हुए वीडियो बनाकर वायरल किया है। संक्रमित युवक का कहना है कि कोरोना से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी है। लोग संक्रमित मरीज के परिजनों के साथ भी गलत व्यवहार कर रहे हैं। यह सरासर गलत है। कोरोना से हमको जंग लड़कर जीतनी है। क्रिकेट खेलकर स्वस्थ रहने की सलाह देते हुए युवक ने कहा कि हम खुश रहकर व दूसरों को खुश रखकर ज्यादा इम्युनिटी बढ़ा सकते हैं।
