अयोध्या: नगर निगम अभी तैयार कर रहा अयोध्या स्मार्ट सिटी का खाका
अयोध्या, अमृत विचार। शासन से निर्देश प्राप्त होने के बाद नगर निगम ने अयोध्या स्मार्ट सिटी में होने वाले विकास कार्यों का खाका खींचना शुरू कर दिया है। हालांकि अभी कार्यस्थल को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। स्मार्ट सिटी में 33 पार्कों का जीर्णोद्धार, सीनियर सिटीजन के लिए गतिविधि केन्द्र, इंडोर गेम के लिए स्पोर्ट्स सेंटर, हेल्थ एटीएम के अलावा शहर के सभी 22 चौराहों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्ट की स्थापना की जाएगी।
अयोध्या महानगर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किये जाने की प्रक्रिया के तहत विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। अभी यह प्रस्ताव प्रारंभिक प्रक्रिया में ही है। लेकिन स्मार्ट सिटी अयोध्या को जल्द ही हेल्थ एटीएम की सौगात मिलेगा। बताते हैं कि शहर की मलिन बस्तियों में लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए हेल्थ एटीएम लगाया जायेगा। यह हेल्थ एटीएम लोगों के खून की जांच करेंगे और बहुत जल्द इसकी रिपोर्ट भी दी जाएगी। इसके अलावा शहर के जीर्ण-शीर्ण पार्कों का सौंदर्यीकरण कराकर उसे नया लुक दिया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय ने बताया कि स्मार्ट सिटी का प्रस्ताव नगर निगम के निर्माण विभाग द्वारा तैयार किया जा रहा है। नगर निगम के मुख्य अभियंता निर्माण कमलजीत सिंह ने बताया कि स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत अयोध्या में एक नये जोन कार्यालय का निर्माण होगा। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाया जायेगा। अभी 20 चौराहों में ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लगे हैं। 2 अन्य चौराहों पर और आईटीएमएस लगाया जायेगा। यह चौराहा है दर्शननगर और हवाई अड्डा।
दर्शननगर में ओवरब्रिज निर्माण पूरा होने के बाद और हवाई अड्डे के निर्माण के बाद वहां ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जायेगा। इसके अलावा सीनियर सिटीजन के लिए शहर में सेंटर बनाये जाएंगे। हेल्थ एटीएम लगाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि अभी इसका प्रस्ताव बनाया जा रहा है। अभी इन कार्यों के लिए स्थल चिन्हित किये जा रहे हैं। यह प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद कार्य शुरू होगा।
