बांदा: महुआ विकासखंड में लाभार्थियों को सौंपी पीएम और सीएम आवासों की चाबी
बांदा, अमृत विचार। गरीब तबके के लोगों के सर पर छत और भोजन की व्यवस्था करने के लिए देश और प्रदेश की सरकारें पूरी तरह से प्रयासरत हैं। इसी क्रम में मंगलवार को महुआ विकासखंड में करीब एक सैकड़ा से अधिक लाभार्थियों को ब्लाक प्रमुख और अन्य अतिथियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवासों की चाबी सौंपी। चाबी पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने सरकार को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
महुआ विकास खंड परिसर में आयोजित चाबी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख उर्मिला कबीर ने दीप प्रज्जवलित करके किया। उन्होंने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने को कटिबद्ध है।
समाज का स्तर सुधार कर देश से गरीबी दूर करने के लिए सरकार अथक प्रयास कर रही है। उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ 113 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री अावास और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों की चाबी सौंपी। विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक राजकरन कबीर ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि मोदी सरकार ने कोरोना काल से लेकर अब तक देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न देकर सहारा दिया है।
वहीं प्रदेश की योगी सरकार भी लगातार गरीबों को मुफ्त खाद्यान्न वितरित कर रही है। योगी सरकार ने गरीबों के आवास, भोजन और स्वास्थ्य की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करके उनका सामाजिक स्तर सुधारने का प्रयास कर रही है। ग्राम प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष के प्रतिनिधि के रूप में ओमप्रकाश त्रिपाठी ने सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मोदी-योगी की अगुवाई में प्रदेश विकास की ओर अग्रसर हो रहा है और लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच पा रहा है।
उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के निर्माण के लिए प्रदेश की योगी सरकार को धन्यवाद दिया। कहा कि प्रदेश में पिछड़े जिले को देश की राजधानी से जोड़कर यहां की व्यापारिक, आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को मजबूती प्रदान की है। कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी ने किया।
