राजनीतिक गुरु शिवपाल से लूंगा आशीर्वाद: रघुराज सिंह शाक्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार ब्यूरो, मैनपुरी। उपचुनाव के लिए भाजपा का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद रघुराज सिंह शाक्य ने मंगलवार को कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के संस्थापक शिवपाल सिंह यादव उनके “राजनीतिक गुरु” हैं और वह उनका भी आशीर्वाद लेंगे।

कभी शिवपाल यादव के बेहद करीबी रहे शाक्य इस साल की शुरुआत में भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने शिवपाल की पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) छोड़ दी थी। इससे पूर्व वह समाजवादी पार्टी में थे। शिवपाल द्वारा पार्टी गठन के बाद वह उनके साथ चले गए थे।

रघुराज सिंह शाक्य ने कहा कि मुलायम सिंह यादव भी मेरे गुरु थे और वह बड़े दिल वाले व्यक्ति थे और शिवपाल सिंह मुझे राजनीति में लेकर आए। शाक्य बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। सपा उम्मीदवार डिंपल यादव पर निशाना साधते हुए शाक्य ने कहा कि क्या आप उनसे (डिंपल) मुलाकात कर सकते हैं।

उनसे मिलने के लिए आपको अर्जी देनी पड़ेगी। सुरक्षाकर्मियों का घेरा तोड़ना पड़ेगा। मैं किसान का बेटा हूं और मुझे कोई भी सड़क पर कहीं भी रोक सकता है। मैं उनके लिए हमेशा उपलब्ध हूं।

संबंधित समाचार