अयोध्या : उचित मुआवजे की मांग को लेकर व्यापारियों का प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
अमृत विचार, अयोध्या। रामपथ मार्ग के चौड़ीकरण में प्रभावित हो रहे दुकानदार व भवन स्वामियों ने उचित मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। रिकाबगंज से नियावां तक के रहने वाले व्यापारियों ने उचित मुआवजा न दिए जाने को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात करने कलेक्ट्रेट पहुंचे लेकिन जिलाधिकारी के मौजूद न होने पर सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार द्विवेदी को 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है।
व्यापारियों का आरोप है कि कि जिला प्रशासन जमीन अधिग्रहण के एवज में जो मुआवजा दे रहा है, वह बिलकुल भी न्याय संगत नहीं है। उनकी मांग है कि सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले प्रतिष्ठान व मकान के निर्माण के लिए उचित मुआवजा दिए जाय ताकि प्रभावित लोग अपने दुकान व मकान की मरम्मत करा सकें।
व्यापारियों का कहना है कि वह सहादतगंज से नयाघाट तक हो रहे सड़क के चौड़ीकरण के विरोध में नहीं है और न ही रामपथ का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि हम सभी व्यापारी सिर्फ अपने हक की बात उठा रहे हैं। व्यापारियों की मांग है कि रामपथ के लिए निर्धारिक मानक के अनुसार जो भी जमीन अधिग्रहण हो, उसका उचित व्यापारियों को उचित मुआवजा दिया जाए।
