Kanpur : GSVM Medical College की सुपर स्पेशियलिटी में एमआरआई, सीटी स्कैन जांच जल्द, KGMU के बराबर लगेगी फीस
Kanpur News कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में जल्द ही एमआरआई और सीटी स्कैल की जांच शुरू होने जा रही है। इसमें केजीएमयू के बराबर फीस लगेगी।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur News GSVM Medical College संबद्ध सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में जल्द ही एमआरआई और सीटी स्कैन की जांच शुरू हो जाएगी। मंगलवार को एमआरआई और सीटी स्कैन जांच की फीस का निर्धारण हो गया है। यह लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में लगने वाली के बराबर होगी। मशीन पहले ही स्थापित हो चुकी है, जिसका ट्रायल कंपनी की ओर से किया गया था।
प्रमुख अधीक्षक प्रो. आरके मौर्या ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को कंपनी की ओर से हैंडओवर नहीं किया गया है। इसकी प्रक्रिया जारी है। यहां केवल ओपीडी चल रही है। हैलट अस्पताल के गंभीर रोगियों को यहां ही रेफर किया जाता है। मंगलवार को एमआरआई और सीटी स्कैन के दाम फाइनल हो गए हैं।
अत्याधुनिक है एमआरआई मशीन
अधिकारियों का दावा है कि एमआरआई मशीन अत्याधुनिक है। इसकी क्षमता शहर में लगे अन्य एमआरआई मशीनों से मुकाबले अधिक है। कई तरह की जांच करना आसान होगा। मेडिकल कॉलेज में कानपुर समेत आसपास के जनपदों के मरीज इलाज के लिए आते हैं। प्राचार्य प्रो. संजय काला ने बताया कि गंभीर रोगियों को लखनऊ और दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। जल्द ही वार्ड भी चालू कर दिए जाएंगे। यहां 240 बेड की सुविधा है।
