लखनऊ: महंगा हो सकता है रोडवेज बस का किराया, शासन को भेजा गया प्रस्ताव
लखनऊ, अमृत विचार। यूपी में यात्रियों के लिए रोडवेज बसों में सफर के लिए अब ज्यादा किराया देना पड़ सकता है। सूत्रों के अनुसार इसको लेकर एक प्रस्ताव यूपी परिवहन निगम की तरफ से तैयार कर शासन को मंजूरी के लिए भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार शासन से मंजूरी मिलने के बाद प्रति किलोमीटर यात्रा 20 पैसे तक महंगी हो जायेगी। अभी तक 1.05 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से यात्रियों से लिया जाता था। लेकिन, नई दर लागू होने के बाद ये 1.20 से 1.25 पैसे हो जाएगा। उप्र में परिवहन निगम की 11 हजार से ज्यादा बसे चलती हैं। इसमें प्रतिदिन करीब पांच लाख से ज्यादा लोग सफर करते है।
शासन को भेजे गए प्रस्ताव में किराये में वृद्धि के पीछे बसों के रखरखाव का खर्च बढ़ने और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने जैसी बातों को बड़ी वजह बताया गया है। गौरतलब है कि कोरोना काल के दौरान किसी भी तरह कि वृद्धि यात्री किराये को लेकर नहीं कि गयी थी। जिसे अब लागू करने का फैसला लिया जाएगा।
