हल्द्वानी: घर के कोने-कोने में सुलग रही रहस्यमयी आग... कैसे...? खौफ के साए में परिवार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। यहां एक मकान में रहस्यमय तरीके से आग लगने की घटनाओं ने परिवार को इस कदर दहशतजदा कर दिया कि परिवार ने अपना घर ही छोड़ दिया और पास में ही किराये के मकान में शरण ली है। परिवार का कहना है कि आग कभी बिजली के बोर्ड में लगती है तो कभी अन्य सामान को राख कर देती है। पिछले दस दिनों से ऐसी घटनाएं रोज हो रही हैं। 
 

खास बात यह है कि बिजली विभाग भी आग लगने के कारणों की जांच कर चुका है और अब सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंच कर घटनाओं की जानकारी ली। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पीछे मल्ला गोरखपुर में रहने वाले कमल पांडेय, पिता उमेश पांडेय और उमेश के भाई मुन्ना एलआईसी में काम करते हैं और यहां अपनी पत्नियों, तीन बच्चों तथा माता-पिता के साथ रहते हैं।

बताया कि पिछले दस दिनों से उनके घर में अचानक आग लग रही है। आग का यह सिलसिला बिजली के बोर्ड से शुरू हुआ और एक-एक कर रोजाना बिजली के स्विच जलने लगे। बिजली विभाग को बुलाकर जांच कराई, लेकिन कुछ नहीं निकला। फिर घर की मेन लाइन कटवा दी, लेकिन आग लगने का सिलसिला नहीं रुका। अब अलमीरा में बंद कपड़ों में भी आग लगने लगी।

ये रहस्यमयी आग कभी मंदिर में लगती तो कभी दराज के अंदर से धुआं निकलने लगता। जब अनाज के पैकेटों में भी आग लगना शुरू हुई तो परिवार बेहद खौफजदा हो गया और मंगलवार को परिवार ने अपना घर छोड़ दिया और पड़ोसी रिश्तेदार के घर में किराए पर रहने लगा। मामले की जानकारी मिली तो मंगलवार को मेयर जोगेंद्र रौतेला भी मौके पर पहुंचे। जबकि बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट और भोटियापड़ाव चौकी प्रभारी प्रकाश पोखरियाल ने भी इस घर का मुआयना किया। इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट के कहने पर परिवार ने पुलिस को तहरीर भी दी है।   

यूपी, हिमाचल और राजस्थान में हुईं ऐसी घटनाएं
हल्द्वानी। कमल के पड़ोस में रहने वाले व्यापारी मनोज जायसवाल ने बताया कि इन घटनाओं के बाद उन्होंने इसको लेकर यू-ट्यूब और गूगल पर सर्च किया। जिसके बाद पता लगा कि इस तरह की घटनाएं पहले उत्तर प्रदेश, हिमाचल और कासगंज में भी हो चुकी है। परिवार से इसे देवी-देवाताओं की नाराजगी से जोड़ रहा है। हालांकि आग लगने का असली कारण वैज्ञानिक अनुसंधान से पता चल सकेगा। 

संबंधित समाचार