अल्मोड़ा: महिला के चिल्लाने की आवाज...डायल 112 पर फोन, आखिर क्या था पूरा मामला...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। बीते मंगलवार को देर रात पुलिस को 112 पर सूचना मिली की किसी महिला के साथ गलत काम हो रहा है और वह चीख-चिल्ला रही है। पुलिस ने आनन-फानन में नाकाबंदी कर चेकिंग करना शुरू कर दिया मगर जब तफ्तीश की गई तो मामला कुछ और ही निकला।

दरअसल पूरा मामला मंगलवार रात का है जहां दो ट्रक चालकों के बीच आपसी विवाद के दौरान एक चालक ने दूसरे को फंसाने के लिए पुलिस को ट्रक में महिला के साथ अपराध होने की आशंका की झूठी सूचना दे दी। झूठी सूचना पर गुमराह हुई पुलिस ने सीमाओं पर नाकाबंदी और चेकिंग तेज कर दी।

मगर बाद में जब सच्चाई सामने आई तो पुलिस चौंक गई। इस पर पुलिस ने आरोपित चालक के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। जबकि दोनों के डीएल निरस्त करने की संस्तुति भी कर दी। एक ट्रक चालक ने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी कि ट्रक संख्या यूके 04 सीए 2157 में किसी महिला के चिल्लाने की आवाज आ रही है। ट्रक चालक ने महिला से अपराध होने की आशंका जताई। सूचना पर सोमेश्वर और अल्मोड़ा पुलिस ने ताकुला बॉर्डर, कोसी कस्बा, सोमेश्वर समेत जिले भर में चेकिंग अभियान चलाया।

जगह-जगह गश्त कर ट्रक की तलाश की गई। इसके बाद सूचना देने वाले ट्रक चालक से पूछताछ की गई। चालक ने बताया कि शराब के नशे में उसका दूसरे चालक से विवाद हो गया था, जिसके चलते उसे फंसाने के मकसद से पुलिस को गलत सूचना दे दी।

इस पर सोमेश्वर थानाध्यक्ष विजय सिंह नेगी ने झूठी सूचना देने वाले ट्रक चालक अशोक कुमार निवासी ग्राम झुपुलचौरा के विरुद्ध पुलिस एक्ट में कार्रवाई की। कार्रवाई करते हुए उससे पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। दोनों ट्रक एक ही मालिक के थे, चालकों के बीच विवाद के कारण यह मामला हुआ। 

संबंधित समाचार